जर्मनी के नुरेमबर्ग शहर के जिर्नडॉर्फ कस्‍बे में एक शरणार्थी कार्यालय के पास धमाके की खबर है। हादसे में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। न्‍यूज एजेंसी रॉयटर्स ने जर्मन ब्रॉडकास्‍टर्स के हवाले से यह सूचना दी है। विस्‍तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। इसी शहर के आंसबाख कस्‍बे के एक कैफे में 25 जुलाई को एक सीरियन रिफ्यूजी ने सुसाइड अटैक की कोशिश की थी लेकिन उसकी इस कोशिश में उसकी ही मौत हो गई। लेकिन हादसे में 11 अन्य घायल हो गए थे। वहीं, 22 जुलाई काे दक्षिणी जर्मनी के म्यूनिख शहर के एक शॉपिंग सेंटर में हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम 9 लोग मारे गए और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को इसके आतंकी हमला होने का संदेह है। हमलावर ने भी बाद में खुद को गोली मार ली थी।

जर्मनी में पिछले 10 दिन में यह चौथा हमला है। इससे पहले अफगानिस्तान के 17 वर्षीय एक शरणार्थी ने ट्रेन में यात्रियों पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले के बाद किशोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया। छानबीन में पाया गया कि लड़का आतंकी संगठन आईएसआईएस से प्रभावित था। हालांकि जर्मनी के आंतरिक मामलों के मंत्री थॉमस डी मेजियेर ने इसे अकेले हमलावर का काम बताया था।

म्यूनिख के मॉल में गोलीबारी करने वाला हमलावर संभवत: इकलौता बंदूकधारी था। 9 लोगों की हत्या करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। म्यूनिख पुलिस प्रमुख हुबेर्टस आंद्रेस ने कहा कि संदिग्ध हमलावर 18 वर्षीय जर्मन-ईरानियन नागरिक था, म्यूनिख का ही रहने वाला था। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हमलावर के मकसद का अब तक पता नहीं चला है।