भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगातार तीसरे मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन सौरभ तिवारी की 94 गेंदों पर 87 रन की पारी की बदौलत झारखंड रविवार को यहां केरल को पांच विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रहा।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप बी के इस मैच में सभी की निगाहें धोनी पर टिकी थीं। झारखंड के सामने 237 रन का लक्ष्य था। धोनी ने तब क्रीज पर कदम रखा जबकि टीम तीन विकेट पर 80 रन बनाकर जूझ रही थी। धोनी 36 मिनट तक क्रीज पर टिके रहे। इस बीच उन्होंने 31 गेंदें खेली लेकिन केवल 18 रन बना पाए। उन्होंने युवा ऑफ स्पिनर फाबिद अहमद को वापस कैच थमाने से पहले अपनी पारी में एक चौका लगाया। धोनी के आउट होने से झारखंड का स्कोर चार विकेट पर 129 रन हो गया लेकिन तिवारी और कौशल सिंह (48) ने चौथे विकेट के लिये 75 रन की साझेदारी करके अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभायी। झारखंड ने आखिर में 47 ओवर में पांच विकेट पर 240 रन बनाकर जीत हासिल की।
महेंद्र सिंह धोनी, धोनी, धोनी क्रिकेट, धोनी नाकाम, धोनी खबरें, विजय हजारे ट्रॉफी, mahendra singh dhoni, dhoni, dhoni news, dhoni failed, vijaya hazare trophy