वो खुद को स्प्रिट्चुअल लीडर बताते हैं। अगर आप उनका सोशल मीडिया अकाउंट चेक करेंगे तो वहां उन्होंने दावा किया है कि 12 साल की उम्र से वो अध्यात्म और योग की शिक्षा ले रहे हैं। लेकिन अब इस योग गुरू पर दो महिलाओं ने बेहद ही गंभीर आरोप लगाए हैं जिसे सुनकर सभी चौंक गए हैं। हम बात कर रहे हैं योग गुरू आनंद गिरी की। आनंद गिरी पर आरोप है कि उन्होंने दो महिलाओं पर यौन हमला किया है। इन आरोपों के बाद आनंद गिरी को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपों के मुताबिक 38 साल के आनंद गिरी ने सिडनी में साल 2016 में एक महिला पर उस वक्त यौन हमला किया था जब इस महिला ने उन्हें अपने घर पर प्रार्थना के लिए बुलाया था। 29 साल की पीड़ित महिला का आरोप है कि उस वक्त उसके बेडरूम में योग गुरू ने उसपर यौन हमला किया। इसके बाद साल 2018 में 34 साल की एक और महिला ने आनंद गिरी पर इसी तरह के आरोप लगाए। इस महिला का आरोप है कि प्रार्थना के लिए जब योग गुरू उसके घर पर आए तो उन्होंने उनके लाउंज में उसपर यौन हमला किया था।
दो महिलाओं द्वारा इतने गंभीर आरोप लगने के बाद बीते सोमवार (6 मई, 2019) को योग गुरू को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से देर रात 12.35 मिनट पर पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वो किसी अन्य देश के लिए उड़ान भरने वाले थे। गिरफ्तार करने के बाद आनंद गिरी को अदालत में पेश किया गया और यहां उनकी जमानत याचिका भी खारिज हो गई। याचिका खारिज होने के बाद अब उन्हें 26 जून तक जेल में रहना होगा। यहां बता दें कि योग गुरू छह हफ्ते के लिए आध्यात्मिक टूर पर ऑस्ट्रेलिया गए हुए थे।
आनंद गिरी के गुरू महंत नरेंद्र गिरी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आनंद गिरी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले स्थित बड़े हनुमान मंदिर के महंत भी हैं। ग्रेजुएशन तक पढ़ाई करने वाले आनंद गिरी योग विद्या पर डॉक्टरेट कर रहे हैं। आनंद गिरी पर अब दो अलग-अलग केस दर्ज किया गया है। (और…CRIME NEWS)

