आयरिश की इस महिला ने एयर इंडिया के क्रू सदस्य के साथ बदलसूकी की थी। आरोप है कि इस महिला ने शराब के नशे में विमान के अंदर केबिन क्रू पर थूक दिया था। लेकिन अब इस महिला को उसकी बदसलूकी की सजा मिली है। इस महिला को 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। सबसे पहले हम आपको इस घटना के बारे में विस्तार से बताते हैं। यह घटना पिछले साल 10 नवंबर की है। लंदन की रहने वाली 50 साल की सिमोन बनर्स एयर इंडिया के विमान से उस वक्त मुंबई से लंदन जा रही थीं। सिमनो बनर्स पहले से ही काफी नशे में थीं। उन्होंने विमान में मौजूद क्रू मेंबर से विमान के अंदर शराब की मांग की थी। लेकिन क्रू मेंबर ने उस वक्त उन्हें शराब देने से मना कर दिया था। इस बात से खफा होकर सिमनो ने क्रू मेंबर के साथ गाली-गलौज की थी और उनपर थूक दिया था। विमान के अंदर उस वक्त काफी देर तक हंगामा मचा था और इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। घटना के बाद महिला के खिलाफ एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी और लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान उन्हें उसी वक्त हिरासत में भी ले लिया गया था।
इसी मामले में महिला को अब सजा सुनाई गई है। सजा सुनाते हुए आइजलवर्थ क्राउन कोर्ट के जज ने कहा कि वह दोष सिद्धि के लिए उपलब्ध सबूतों से संतुष्ट हैं और बनर्स ने जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया उससे एयरलाइन का पूरा स्टाफ बेहद परेशान हुआ। जज ने कहा कि महिला का नशे में होना और ऐसा व्यवहार खतरनाक है। महिला द्वारा क्रू मेंबर पर थूके जाने को जज ने बेहद अपमानजनक बताया। इस महिला को जेल की सजा के साथ उसे 300 पाउंड का मुआवजा भी देना होगा।
बता दें कि जिस वक्त विमान के अंदर यह घटना हुई थी उस वक्त महिला ने शराब के नशे में खुद को मानवाधिकार मामलों का वकील भी बताया था। उस वक्त एयर इंडिया के क्रू मेंबर ने कहा था कि जैसा व्यवहार उस आयरिश महिला ने किया वैसा उन्होंने अपने 34 साल के करियर के दौरान कभी भी नहीं देखा।
