उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पुलिस थाने पहुंची और खुद को आग के हवाले कर दिया। उसे बचाते समय एक पुलसकर्मी भी झुलस गया। फिलहाल महिला क अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दरअसल, संभल जिले में बृहस्पतिवार को एक महिला ने पुलिस चौकी के पास आत्मदाह किया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला गम्भीर रूप से झुलस गयी। पुलिस अधीक्षक कुलदीप विश्नोई ने बताया कि चौधरी सराय पुलिस चौकी के पास 30 साल की महिला ने आत्मदाह किया और उसे बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी झुलस गया। उन्होंने आगे बताया कि महिला ने पुलिस चौकी से करीब 100 फुट की दूरी पर आत्मदाह किया हालांकि चौकी पर मौजूद कांस्टेबल कपिल संधू और अभिमन्यु ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, जिसमें संधू का हाथ जल गया।

दो सालों से संबंध का दावा

विश्नोई ने आगे बताया कि महिला ने संभल थाने में तहरीर दी थी कि गुल अजीम नाम के युवक से उसके पिछले दो सालों से संबंध हैं, वह उससे शादी करना चाहती है लेकिन आरोपी उसे धोखा दे रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस शिकायत पर तीन बजे अजीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (शादी और प्यार का झांसा देकर यौन संबंध बनाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अधिकारी ने आगे यह भी बताया कि थाने में मौजूद महिला निरीक्षक जब आरोपी के घर गई तो पता चला कि जिस शख्स के खिलाफ महिला ने तहरीर दी है वह इस समय पंजाब में काम कर रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि महिला उसके बाद फिर थाने आई और पूछा कि पुलिस उसकी शादी उस शख्स से क्यों नहीं करा रही, जिसके बाद उसने आत्मदाह करने की कोशिश की। विश्नोई ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मामले में आगो की कार्रवाई का जा रही है।