मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां चलती ट्रेन में महिला का यौन उत्पीड़न किया गया और विरोध करने पर उसे और उसके रिश्तेदार को बाहर फेंक दिया गया। हादसे में महिला और उसके रिश्तेदार घायल हो गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि सोमवार रात ग्वालियर में एक महिला और उसके रिश्तेदार को पांच लोगों ने जबरन चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। यौन उत्पीड़न की यह घटना मुजफ्फरपुर से गुजरात होते हुए सूरत जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। बिलौआ पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में महिला ने कहा कि जब वह अपने रिश्तेदार के साथ झारखंड से सूरत जा रही थी तो पांच अज्ञात लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की।
महिला के अनुसार, उसके और आरोपियों के बीच कहासुनी भी हुई। वे उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने महिला की सहमति के बिना उसकी कई तस्वीरें भी लीं। जब महिला ने विरोध किया तो उसके रिश्तेदार को बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित महिला और उसके रिश्तेदार ने विवाद से बचने के लिए ट्रेन के गेट के पास अपनी सीट बदले के लिए गए लेकिन लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया और महिला की साड़ी खींचकर उसे परेशान करना जारी रखा।
महिला को किया निर्वस्त्र
इसके बाद आरोपियों ने जबरन पीड़िता के कपड़े उतार दिए। जिससे वह निर्वस्त्र हो गई। पीड़िता ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने उसे और उसके रिश्तेदार को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। इससे वे घायल हो गए और बरोदी गांव के पास पूरी रात बेहोश रहे। सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो पास के एक अस्पताल में पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस ने महिला की गवाही के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रेन में मौजूद आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में एसपी ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि हम स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।