गाजियाबाद में जेल में बंद पति से मिलने गई महिला ने चार महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसने एक अन्य महिला को 50 हजार रुपए में बच्चा बेच दिया। घटना अलीगढ़ जेल की है। यहां 26 वर्षीय अनीता अपने पति से मिलने गई थी, इसी दौरान उसने अपहरण की वारदात को अंजाम दिया।
50 हजार में बेचा बच्चाः सिहानी गेट के एसएचओ संजय कुमार पांडे ने बताया, ‘घटना 17 मई (शुक्रवार) को हुई जब प्रियंका नाम की एक महिला अलीगढ़ जेल में अपने पति से मिलने गई थी। अनीता भी अपने पति से मिलने गई थी जो इस समय जेल में बंद है। अनीता ने प्रियंका के बच्चे का मौका पाते जेल परिसर से अपहरण कर लिया। इसके बाद उसने (अनीता) ने बच्चे को 50,000 रुपये में हेमलता नाम की एक महिला को बेच दिया। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर हिरासत में भेज दिया गया है।’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपने पति के केस के लिए वकील को पैसे देने के लिए अनीता का काफी खर्चा हो चुका था, और उसे पैसों की जरूरत थी। दूसरी तरफ हेमलता एक बेटी को जन्म देने के बाद एक बेटा चाहती थी।
बड़ी बहन के पास छोड़ा था बच्चाः पुलिस ने बताया कि प्रियंका ने अपनी बड़ी बहन के पास बच्चे को छोड़ दिया था और अपने पति से मिलने के लिए लाइन में लग गई थी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान अनीता ने बच्चे को अकेला देखा और उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद अलीगढ़ पुलिस स्टेशन में बच्चे की मां ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मुखबिरों की ली मददः पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुखबिरों से मिली सूचना की मदद से अनीता को गिरफ्तार किया गया। इसके कुछ ही समय बाद पुलिस हेमलता को गिरफ्तार करने में कामयाब रही और बच्चे को बचा लिया गया। बच्चे को मंगलवार (28 मई) को उसके परिवार को सौंप दिया गया। वहीं आरोपी अनीता के खिलाफ सिहानी गेट पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 363 (अपहरण की सजा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

