राजस्थान के अलवर जिले में एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। इतना ही नहीं इस महिला ने आरोप लगााया है कि उसके ससुर तथा अन्य रिश्तेदारों ने उसके साथ गैंगरेप भी किया। महिला के मुताबिक बंदूक के दम पर उसके साथ इस सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते 22 नवंबर की है और घटना के अगले दिन इस मामले में केस दर्ज कराया गया। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तार नहीं हो पाई है।
इस 25 साल की महिला ने पुलिस को अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साल 2015 में उसकी शादी हुई थी और साल 2016 में इन्हें एक बच्चा भी हुआ था। महिला के मुताबिक शादी के बाद से उनके पति और घरवाले उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
भिवाड़ी के डीएसपी हरिराम कुमावत ने जानकारी दी कि ’20 नवंबर को महिला के ससुराल वालों ने महिला को एक कमरे में बंद कर दहेज के लिए उनकी पिटाई की। 22 नवंबर को महिला के पति जब घर वापस आए तो वो नशे की हालत में थे और उन्होंने अपनी जुबान से तीन बार तलाक….तलाक…तलाक बोल कर अपनी पत्नी को तलाक दे दिया।
रात को करीब 11 बजे के आसपास महिला के ससुर और उनके रिश्तेदार महिला के कमरे में घुसे और तमंचे के बल पर उनके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला की बेटी की पिटाई भी की गई। अगली सुबह पीड़ित महिला ने किसी तरह अपने पिता को फोन कर इस बात की पूरी जानकारी दी। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कराया है।’
बता दें कि पीड़िता का मेडिकल टेस्ट करा लिया गया है और उनका बयान भी रिकॉर्ड कर लिया या है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 498A 323, 376D समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। (और…CRIME NEWS)
