महिला ने ‘देवता’ का आदेश नहीं माना तो गांव वालों ने उसे भयंकर यातनाएं दी। महिला के बाल काटे गए उसका मुंह काला किया गया और फिर उसे इसी हालत में सड़क पर घुमाया गया। शर्मसार कर देने वाली यह घटना हिमाचल प्रदेश के मंडी के सरकाघाट की है। बताया जा रहा है कि 81 साल की इस बुजुर्ग महिला को ना सिर्फ सड़कों पर घसीटा गया बल्कि उनके घर में तोड़फोड़ भी की गई और उनके घर को जलाने का प्रयास भी किया हुआ।
महिला के साथ हुई इस ज्यादती का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि सड़क पर कुछ लोग महिला का चेहरा काला कर उसे घूमा रहे हैं। इस वीडियो को देखने के बाद पुलिस महमके में हड़कंप मच गया। वीडियो के आधार पर ही सरकाघाट थाने में एफआईआर दर्ज की गई और अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले इस गांव में स्थित एक मंदिर में काम करने वाले पुजारी के बेटे की मौत हो गई थी। पुजारी की मौत के बाद गांव वालों को महिला पर पहले जादू-टोना करने का शक हुआ था। महिला जब अपनी बेटी के घर गई हुई थी तब गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी और उसके घर में पूजा-पाठ से जुड़ी कुछ सामग्रियां जबरदस्ती रख दी गई थी। जब महिला ने पंचायत में इस बात की शिकायत दर्ज करवाई तब देवता का डर दिखाकर उनकी शिकायत वापस करवा दी गई।
हाल ही में यह महिला वापस घर लौटी थी। जिसके बाद गांव वालों ने उसपर आरोप लगाया कि उसने ‘देवता’ का हुक्म नहीं माना है और फिर उसके साथ यह बदसलूकी की गई। बताया जा रहा है कि महिला के साथ बदसलूकी की यह घटना बीते 6 नवंबर को हुई है। इस मामले में वीडियो को देखने के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने जांच के आदेश भी दिए हैं। महिला के पति का निधन काफी अरसे पहले हो चुका है। अब पुलिस इस मामले में आरोपियों की पहचान कर उनपर कार्रवाई में जुटी है। (औऱ…CRIME NEWS)

