आम महिलाओं की तरह यह महिला भी आंखों में काजल अपनी खूबसूरती को निखारने के लिए ही लगाती थी। लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि यह काजल ही उसकी दुश्मन बन गया? इस महिला का नाम रुखमा भास्कर खरचान था। 27 साल की यह महिला नासिक के दत्तनगर इलाके के मौली चौक में अपने पति के साथ रहती थी। बीते बुधवार (13 फरवरी, 2019) को रुखमा भास्कर के पति सुबह करीब 9 बजे जब अपने काम से दफ्तर गए तो रुखमा ने अचानक बाथरुम में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

रुखमा के पति को जब यह खबर मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इधर रुखमा के फांसी लगाने की खबर जब पुलिस को मिली तो मामले की तफ्तीश करने के लिए पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची। यहां पुलिस ने जांच के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया। जल्दी ही खुलासा हुआ कि यह सुसाइड नोट खुद रुखमा ने ही लिखा था। रुखमा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि ‘मेरी आंखों से लगातार पानी बहता रहता है जिसकी वजह से आंखों में काजल नहीं टिकता। मेरा काजल बार-बार फैल जाता है। आंखों से लगातार पानी बहने की वजह से चेहरे पर मेकअप भी नहीं टिकता, जिसकी वजह से मैं सुंदर नहीं दिखती। अच्छा मेकअप न हो पाने की वजह से मुझे अपने आप से ही शर्म आती है। इस वजह से दुखी होकर मैं आत्महत्या कर रही हूं। मेरा किसी के साथ कोई विवाद नहीं है।’

सुसाइड की इस अजीब वजह को जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। रुखमा की शादी कुछ ही दिनों पहले हुई थी। जानकारी के मुताबिक रुखमा की आंखों में पिछले कई दिनों से जलन रह रही थी और उसकी आंखों से पानी भी गिरता था। बहरहाल पुलिस ने उस वक्त इस मामले की अलग-अलग एंगल से जांच की भी बात कही थी।

(और…CRIME NEWS)