बिहार में एक महिला पर अपने पति की निर्मम हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने इस महिला को लहू से सने चाकू के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मृतक के शव को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। युवक के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

दरअसल शुक्रवार (17 अप्रैल, 2020) की अहले सुबह मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर इलाके के एक मकान से चीखने की आवाज आई तो इलाके के लोग चौक गए। आननफानन में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि शुरू में गांव वालों को लगा कि यह मामला शायद घर में होने वाले मामूली लड़ाई-झगड़े का है। लेकिन गांव वालों ने जल्दी ही पुलिस को वहां बुला लिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से सने चाकू के साथ घर की एक महिला को पकड़ लिया। इस महिला का नाम रीता देवी बताया जा रहा है। महिला को यहां देख इलाके के लोग सन्न रह गए। दरअसल रीता इस घर में रहने वाली राजेश कुमार सिंह की पत्नी थी। पुलिस ने घर से राजेश के शव को भी बरामद कर लिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ की रीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजेश को मौत के घाट उतारा था। हत्या के बाद रीता का प्रेमी मौके से फरार हो गया था। मृतक की बेटी प्रियंका ने पुलिस को बताया कि मां के प्रेम संबंधों की वजह से अक्सर उसके माता-पिता के बीच झगड़ा होता रहता था। पेश से शिक्षक राजेश कुमार सिंह की पत्नी का प्रेम संबंध उनके घर में ही किराये पर रहने वाले एक शख्स से था।

पुलिस को राजेश के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला की उनके सीने और गर्दन पर चाकू से कई बार हमला किया गया। राजेश के शरीर पर जख्म के करीब बीस निशान थे। बताया जा रहा है कि नींद में सोते वक्त ही राजेश पर यह कातिलाना हमला किया गया है।

हालांकि मृतक राजेश की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके किरायेदार ने राजेश की हत्या की है। महिला का कहना है कि पति को बचाने के दौरान उसके हाथ में खून लग गया। हालांकि पुलिस महिला की इन बातों को संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और आगे की तफ्तीश की जा रही है। इस दंपत्ति को दो बच्चे हैं। लिहाजा पुलिस इन दोनों बच्चों से भी अलग-अलग पूछताछ कर रही है।