स्टेज पर जब इस महिला डांसर ने नाचने से इनकार कर दिया तब उसे सरेआम गोली मार दी गई। मामला उत्तर प्रदेश के चित्रकूट का है। गोली लगने के बाद यह महिला डांसर स्टेज पर ही लड़खड़ा कर गिर पड़ीं। स्टेज डांसर को गोली मारने का एक VIDEO भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि स्टेज पर दो महिलाएं डांस कर रही हैं और बैकग्राउंड में काफी तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे हैं। वीडियो में वहां मौजूद लोगों का शोर भी साफ-साफ सुना जाता है। डांस करते-करते अचानक एक महिला डांसर रूक जाती हैं। लेकिन उनके रूकने के बाद यह शोर और बढ़ जाता है।

वीडियो में यह सुनाई दे रहा है कि भीड़ में मौजूद कोई शख्स गोली मारने की बात कह रहा है। इसके कुछ ही सेकेंड के बाद एक दूसरा व्यक्ति यह कहता है कि ‘सुधीर भइया आप गोली चला दो।’ इसके तुरंत बाद जब यह महिला डांसर अपनी साथी डांसर के साथ स्टेज पर खड़ी थीं तब ही उसी वक्त अचानक उनपर गोली चला दी जाती है। गोली की आवाज वीडियो में साफ सुनी जा सकती है।

गोली चलाए जाने के बाद सभी लोग अवाक रह जाते हैं। यह गोली महिला डांसर को लगती है और वो लड़खड़ा कर गिर जाती हैं। स्टेज पर उनके साथ मौजूद दूसरी डांसर उन्हें संभालने की कोशिश करती हैं। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीते 1 दिसंबर की है। यहां गांव के प्रधान सुधीर सिंह पटेल की बेटी की शादी थी और इसी दौरान नर्तकी को स्टेज पर गोली मारी गई। इस दौरान दूल्हे पक्ष के कुछ लोग भी जख्मी हो गए।

घटना के अगले दिन दूल्हे पक्ष की तरफ से इस घटना के बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुआ है। बहरहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब तक कई लोगों ने इसे देखा है।

इस वीडियो में गोली चलाने वाला शख्स नजर नहीं आ रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी छानबीन के बाद इस मामले के आरोपी को पकड़कर उसपर कार्रवाई की जाएगी। (और…CRIME NEWS)