उत्तर प्रदेश के झांसी में एक छात्र ने क्लासरूम में घुसकर अपने साथी को गोली मार दी। इस हत्याकांड के बाद यह लड़का अपने ही कॉलेज की एक छात्रा के घर भी पहुंचा और वहां जाकर उसने छात्रा को भी गोली मार दी। बताया जा रहा है कि छात्रा को गोली मार कर भाग रहे इस कॉलेज स्टूडेंट को इलाके के लोगों ने पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक शुक्रवार (19-02-2021) को दोपहर के वक्त Bundelkhand degree college में सबसे पहले यह गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में छात्रा की मौत हो चुकी है जबकि छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि मथुरा के रहने वाले हुकुमेंद्र सिंह गुर्जर बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज में पढ़ाई करते थे। शुक्रवार को वो अपने क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान क्लास में घुसे उनके साथी ने उन्हें गोली मार दी। क्लास में गोली की आवाज से हड़कंप मच गया। मौका फायदा उठा कर आरोपी छात्र भी वहां से निकल गया।
इसके बाद वो इसी कॉलेज की एक छात्रा कृतिका के घर पहुंचा और उसने कृतिका को भी गोली मार दी। कृतिका को गोली मारने के बाद यह लड़का भागने लगा जिसे आसपास के लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गोली लगने से घायल छात्र और छात्रा दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि कुछ देर बाद लड़की ने अस्पताल में दम तोड़ दिया और छात्र की हालत अभी भी नाजुक है।
इधर इस पूरे मामले पर झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया है कि जिस वक्त छात्र को क्लासरूम के अंदर गोली मारी गई, उस वक्त पढ़ाई चल रही थी। पुलिस ने आरोपी लड़के के पास से .32 बोर की पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि छात्र और छात्रा को गोली मारने की वजह का पता नहीं चल सका है। आरोपी लड़के से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।