उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक युवती की अधजली लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक महिला की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक ढाबे के पास महिला की डेड बॉडी पर जब बच्चों की नजर सबसे पहले पड़ी तो उन्होंने पुलिस को इस मामले की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक दोपहर के वक्त स्कूल से लौट रहे कुछ स्कूली बच्चों की नजर सबसे पहले महिला की इस लाश पर पड़ी। इन्हीं बच्चों ने पुलिस को सबसे पहले इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि महिला के हाथ-पांव बधे थे। महिला की उम्र 25 साल के आसपास बताई जा रही है। हालांकि यह महिला कौन है और इसकी यह हालत कैसी हुई? अभी इसके बारे में पुलिस कुछ भी नहीं बता पा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूरी तफ्तीश के बाद ही मामले की असलियत सामने आ सकेगी।
आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ बलात्कार भी हुआ है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि महिला की हत्या कर उसके शव को यहां लाकर जलाया गया है। महिला की लाश रायबरेली-लखनऊ हाईवे के पास मिली है। जहां पर महिला की यह लाश मिली है वहां आसपास पेड़ की पत्तियां गिरी हुई थीं और पेड़ की पत्तियों में भी आग लग गई थी। इस मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर जरुरी सबूत जुटाए हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शव के पास से जेंट्स पर्स, केमेस्ट्री की किताब भी जली हालत में मिली है। महिला को मिट्टी का तेल डालकर जलाया गया था। बहरहाल शव के पास से इकठ्ठा किये गये जरुरी सबूत के आधार पर पुलिस इस पूरे मामले का पर्दाफाश करने की कोशिशों में जुटी हुई है। पुलिस लड़की के घरवालों के बारे में भी पता लगा रही है। (और…CRIME NEWS)
