कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना एरिया के रहीम नगर में रहने वाले एक शख्स ने फावड़े से अपनी पत्नी का गला काट दिया। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों से बोला कि हत्या करके आया हूं। मुझे गिरफ्तार कर लो। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि वारदात को अवैध संबंधों के शक में अंजाम दिया गया।
रहीम नगर में रहने वाला चंद्रशेखर खेती करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी कमला देवी (32) पर शक था। चंद्रशेखर का मानना है कि कमला के अवैध संबंध थे, जिसके चलते उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। आसपास के लोगों ने बताया कि इस वजह से चंद्रशेखर और कमला के बीच अक्सर झगड़ा भी होता था।
आरोपी की छोटी बेटी स्वाति ने बताया कि बुधवार दोपहर मां चारपाई पर सो रही थी। उस दौरान पापा घर आए और मां से खाना मांगा। मां नहीं उठी तो दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। इसके बाद पापा ने फावड़े से मां पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मैं कमरे में गई तो मां खून से लथपथ पड़ी थी और पापा मुझे धक्का मारकर घर से बाहर चले गए।
एसपी अनूप सिंह के मुताबिक, थाना रसूलाबाद के रहीम नगर में रहने वाले चंद्रशेखर को अपनी पत्नी पर शक था। ऐसे में उसने फावड़े से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

