इधर उत्तर प्रदेश में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। यह मामला देवरिया जिले का है। न्यूज एजेंसी ‘ANI’ के मुताबिक लड़की से छेड़खानी उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने ही की थी। इस बात से नाराज लड़की के पिता ने आरोपी युवक को एक थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद गुस्साया युवक कुछ लोगों के साथ वापस लड़की के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि यह लोग हथियारों से लैस थे। घर पहुंचने के बाद इन लोगों ने लड़की के पिता की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई की वजह से गंभीर रूप से जख्मी पिता ने बाद में दम तोड़ दिया।
इस मामले में पुलिस ने अब तक 2 आरोपियों को पकड़ा है जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। इस घटना के बाद लड़की के गांव में काफी तनाव की स्थिति है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से 3 लोग नामजद हैं।
घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने गुरुवार की शाम लड़की के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया। लड़की के पिता ने इस मामले में जब युवक से शिकायत की तो उसने उनकी शिकायत को अनदेखा कर दिया और उसके पिता से उलझ गया। लड़की के पिता द्वारा थप्पड़ मारे जाने से नाराज युवक ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लाठी-डंडे से लड़की के पिता की पिटाई की है। मृतक युवक की उम्र 50 साल बताई जा रही है।
देवरिया के पुलिस अधीक्षक श्रीपति मिश्रा ने कहा है कि आरोपियों को फिलहाल पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में तहरीर दी है। इस मामले में एक अन्य नामजद युवक की तलाश की जा रही है।
