उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिले के पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव में भाजपा नेता व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन यादव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार 46 साल के अर्जुन यादव पर बृहस्पतिवार रात गांव के मोड़ पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस वक्त हमला किया जब वह पवई कस्बे में स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
हमले में घायल यादव को परिजन और ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने कहा ” परिजनों से जानकारी ली जा रही है….हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चला है। वारदात में शामिल लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ”
अर्जुन यादव की हत्या से गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना के बाद गांव में कई थानों के पुलिस बल के साथ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच की। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर गांव निवासी अर्जुन यादव भारतीय जनता पार्टी से जुड़े थे। रोजी-रोटी के लिए उन्होंने पवई चैराहे पर पतंजलि की दुकान खोल रखी थी। गुरुवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर वह रोज की तरह बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह कुछ ही दूर पहुंचे थे कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मारी दी।
सीने में दो गोली लगने के बाद अर्जुन यादव मौके पर ही गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, तब तक बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोग उन्हें पवई के एक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें फूलपुर ट्रॉमा सेंटर लाया गया लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने भर्ती नहीं किया। लोग घायल हालत में अर्जुन को लेकर मंडलीय जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
