उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध नहीं रुक रहा। अब लखीमपुर-खिरी जिले में 3 साल की मासूम के साथ दरिंदगी की गई है। यहां आपको बता दें कि 20 दिन में जिले में यह तीसरा जघन्य अपराध है। 3 साल की मासूम बच्ची अपने घर से आधे किलोमीटर की दूरी पर मृत अवस्था में मिली है। बताया जा रहा है कि लड़की बुधवार से लापता थी। लड़की के शरीर पर जख्म के निशान भी हैं। गुरुवार की सुबह लाश मिलने के बाद पुलिस ने बताया था कि यह एक हत्या है। हालांकि अब ऑटोप्सी के बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
मृतक बच्ची की पिता ने गांव के ही रहने वाले एक युवक लेखराम पर बच्ची के साथ हैवानियत करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश की वजह से बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या की गई है। इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 4 टीमें बनाई हैं।
लखीमपुर-खिरी में अभी हाल ही में 17 साल की एक नाबालिग लड़की की लाश उसके गांव के बाहर मिली थी। उस वक्त बताया गया था कि वो एक स्कॉलरशिप एप्लिकेशन भरने के लिए घर से बाहर गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि बच्ची की रेप के बाद हत्या की गई थी। बच्ची की क्षत-विक्षत लाश एक सूखे तलाब से मिली थी।
इससे पहले अगस्ते के महीने में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में 13 साल की बच्ची की रेप के बाद बेरहमी से हत्या करने की खबर सामने आई थी। परिवार का आरोप था कि बच्ची का शव गन्ने के खेत में मिला था और उसकी उसकी आंखें बाहर निकली हुई थीं। उसकी जुबान कटी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई थी। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई थी।