उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दो युवकों द्वारा एक बच्चे की हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद मृतक के शव को काटने का भी प्रयास किया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना पर एक महिला की निगाह पड़ी तो कथित हत्यारे शव को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई और नाराज लोगों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे वाहनों की कतार लग गई।
क्या है मामला: पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना हाइवे इलाके के निवासी जयप्रकाश की पत्नी गुरुवार दोपहर अपने बड़े बेटे को स्कूल से लेने के लिए गई थी और छह वर्षीय छोटे पुत्र को वह घर छोड़ गई थी। जब वह वापस लौटी तो उसे बेटा घर पर नहीं मिला। बच्चे के घर पर न होने के कारण सभी लोग परेशान होकर उसे ढूंढ़ने लगे। उन्होंने बताया कि परिजनों को घर से करीब 500 मीटर दूर काफी भीड़ लगी हुई दिखी। उन्होंने वहां जाकर देखा तो मासूम का शव वहां पड़ा हुआ था। शव देखते ही मां बेहोश होकर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान: मासूम बच्चे का शव सबसे पहले देखने वाली प्रत्यक्षदर्शी महिला मल्लो देवी ने बताया कि वह दोपहर के समय वहां से गुजर रही थी। इस दौरान उसने बाइक सवार दो युवकों को देखा जो शव को काटने का प्रयास कर रहे थे। महिला के शोर मचाने पर वे शव छोड़कर भाग खड़े हुए। उन युवकों के पास हथियार भी थे। बच्चा राजमार्ग स्थित स्कूल में पढ़ रहा था। लेकिन उस दिन वह किसी कारणशव स्कूल नहीं गया था। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गुस्साए लोग हाइवे पर आ गए और बच्चे का शव रखकर रोड जाम कर दिया।
[bc_video video_id=”5993733692001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
लोगों ने किया सड़क जाम: इस घटना के बाद थोड़ी ही देर में हाइवे पर वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना पर एसएसपी शलभ माथुर, एसपी सिटी अशोक मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह आदि अधिकारियों ने जाम लगा रहे लोगों को सात दिन में घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और रोष व्याप्त है।