अब उत्तर प्रदेश के भदोही में 11 साल की दलित लड़की की हत्या करने का मामला सामने आय़ा है। बताया जा रहा है कि लड़की का सिर ईंट से कुचल दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 लोगों को गिफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार (01-10-2020) को यह लड़की अपने खेत में काम करने गई थी और यहीं पर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया है कि लड़की और आरोपियों के परिवार वालों के बीच पुरानी दुश्मनी चल रही थी और यह हत्या इसी का परिणाम है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि पुलिस अभी ऑटोप्सी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ताकि यह पता चल सके कि लड़की का यौन शोषण हुआ था या नहीं? पुलिस के मुताबिक पीड़िता के परिवार वालों ने इस मामले में अब तक यौन उत्पीड़न का केस नहीं दर्ज कराया है।
पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि इसी गांव के रहने वाले एक नाबालिग लड़के और 2 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों लड़के दलित समुदाय से ही ताल्लुक रखते हैं। इस मामले में ‘Indian Express’ से बातचीत करते हुए सर्किल ऑफिसर (ज्ञानपुर), भूषण वर्मा ने कहा है कि ‘लड़की की डेड बॉडी गांव के एक खेत में मिली है। लड़की दोपहर करीब 12.30 बजे अपने घर से निकली थी। जब लड़की काफी समय तक घर नहीं पहुंची तब उसके घरवाले उसकी तलाश में जुट गए। बाद में करीब 3 बजे लड़की का शव खेत में पाया गया। लड़की का सिर ईंट से बुरी तरह कुचला हुआ था।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किये गये ईंट को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में धारा 302 (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों में 16 साल का एक लड़का शामिल है जबकि दो अन्य आरोपियों में एक लड़के के पिता तथा दूसरे उसके अन्य रिश्तेदार हैं। पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश की वजह से आरोपियों ने पहले भी लड़की के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने हत्या का जुर्म भी कबूल कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि अभी हत्या के तहत केस दर्ज है लिहाजा मामले की जांच इसी एंगल से चल रही है। पोस्टमार्टम और अन्य रिपोर्ट आने के बाद अगर जरुरत पड़ी तो मामले में अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी।
