यूपी के मुजफ्फरनगर में शादी के दौरान एक दूल्हे ने दुल्हन के घर की महिलाओं को कथित रूप से गालियां दे दीं तो वधू पक्ष ने उसको घर से बाहर निकालकर पूरी बारात ही वापस ले जाने को मजबूर कर दिया। घटना जिले के भोराकलां थाने के सिसौली गांव की है। बारात दिल्ली से आई थी। घटना के बाद दुल्हन पक्ष ने लड़के और उसके पिता को बंधक बना लिया।

दूल्हे को छोड़ने से पहले दुल्हन ने दहेज के दस लाख वापस मांगे : शादी में जूता चुराने का एक रस्म है। वधू पक्ष के घर की महिलाओं ने दूल्हे का जूता चुराकर उनसे वापस लेने के लिए पैसे मांगे। 22 वर्षीय दूल्हा विवेक कुमार इससे भड़क उठा और उसने महिलाओं को गालियां दे दीं। जब दुल्हन को इस बात का पता चला तो उसने शादी करने से ही इंकार कर दिया। इतना ही नहीं दुल्हन ने लड़के को जाने देने से पहले दहेज के रूप में दिए दस लाख रुपए भी वापस मांगे।

Hindi News Today, 15 December 2019, Hindi Samachar LIVE Updates: आज की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

दूल्हा, पिता और दो रिश्तेदारों को बनाया बंधक : जब दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को शांत करने की कोशिश की तो दूल्हा और भड़क उठा और गालियां देते हुए एक व्यक्ति को चांटा मार दिया। दुल्हन के घर वालों ने दूल्हे, उसके पिता और दो रिश्तेदारों को बंधक बनाकर पूरी बारात को वापस कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। भोराकलां थाने के थानेदार ने बताया, “दोनों पक्षों में से किसी ने भी रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिए हैं।”

दोनों पक्षों ने किया समझौता : भारतीय किसान यूनियन के मुखिया नरेश टिकैत जो गांव के मुखिया भी हैं, ने मामले में दखल देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि काफी समझाने के बाद भी दुल्हन ने लड़के से शादी करने से इंकार कर दिया है। बहरहाल दोनों पक्ष के बुजुर्ग लोगों ने मामले में समझौता कराकर शांत करा दिया है।