Unnao Gangrape Case: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गैंगरेप की पीड़िता के साथ दोबारा गैंगरेप किये जाने की खबर ने यहां पुलिस की नींद उड़ा दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 5 लोगों ने उसे मदद का लालच देकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस मामले में जिन पांच लोगों पर केस दर्ज कराया गया है उनमें अनूप सिंह, दिलीप यादव, नवराज सिंह, सतीश और विश्वरंजन सिंह शामिल हैं।
यहां आपको बता दें कि उन्नाव की रहने वाली इस पीड़ित महिला के साथ साल 2017 में गैंगरेप हुआ था। महिला ने उस वक्त आरोप लगाया था कि उसके पति के मदद से उसके 2 दोस्तों ने उसके साथ बलात्कार किया था। महिला की शादी साल 2012 में हुई थी। इस मामले में महिला के पति को पुलिस ने साल 2017 में ही गिरफ्तार कर लिया था और वो तब से ही जेल में बंद है।
पीड़िता का कहना है कि साल 2017 के गैंगरेप केस में उसकी मदद करने की बात कह कर 5 लोग उससे साल 2018 में मिले थे। इन लोगों ने महिला को भरोसा दिलाया था कि उन्हें 20 दिनों के अंदर गैंगरेप केस में पूरा इंसाफ मिल जाएगा। केस में मदद पहुंचाने के नाम पर इन लोगों ने महिला से 6,000 रुपए भी ले लिए और उसके साथ गैंगरेप किया।
इस मामले में महिला ने उन्नाव के एसपी विक्रांत वीर का पास लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों ने धोखे से एक सादे कागज पर महिला के अंगूठे का निशान लगवा लिया था। इसके जरिए वो उसे ब्लैकमेल कर उसके साथ रेप किया करते थे। इतना ही नहीं ये सभी इस महिला पर दबाव बना रहे थे कि वो 2 फेक रेप केस दायर करे ताकि वो उनसे 4 लाख रुपए ऐंठ सकें।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 आरोपी को अभी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्दी ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। आपको बता दें कि उन्नाव का ही एक और गैंगरेप केस काफी चर्चित रहा है। इस केस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पू्र्व नेता कुलदीप सिंह सेंगर पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। सेंगर इस मामले में अभी जेल में बंद हैं।
