बताया जा रहा है कि दो युवक एक रेस्तरां में खाना खाने पहुंचे थे। दोनों ने खाने के लिए टेबल बुक कराने के लिए उसके रेट पूछे। मालिक झब्बर सिंह (46) ने दोनों को जब खाने के रेट बताए तो वह उससे झगड़ा करने लगे।

इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर मालिक के पेट में घोंप दिया। चाकू उनके पेट में ही फंस गया। आरोपी फरार होने लगे तो पड़ोसी जिम के लड़कों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पिटाई करने के बाद आरोपी बुलंदशहर निवासी विकास चौधरी (31) को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है।

पुलिस ने इनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक झब्बर सिंह परिवार के साथ मंडावली इलाके में रहते हैं। इनका पश्चमी विनोद नगर में मिकी फूड कैफे के नाम से एक रेस्तरां है। दो दिन पहले (14 जनवरी) रात में करीब 8.30 बजे दो लड़के इनके रेस्तरां पर आए। दोनों झब्बर से टेबल बुक कराने को लेकर बातचीत करने लगे। उनको टेबल और खाने का रेट ज्यादा लगा।

दोनों झब्बर से बहस करने लगे। कहासुनी के दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर झब्बर पर हमला कर दिया। शोर शराबा हुआ तो पड़ोसी जिम से कुछ लड़के मदद को वहां आ गए। उन्होंने विकास को फरार होते समय वहीं पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। झब्बर सिंह को पास के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।