मध्य प्रदेश में देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस न 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तार किये गये लोगों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि यह घिनौना धंधा भीड़भाड़ वाले बारखेडी इलाके में स्थित एक फर्जी क्लिनिक में चलाया जा रहा था। इस काले धंधे का पर्दाफाश करने के बाद क्राइम ब्रांच के डीएसपी अदिति भावसर ने मीडिया को जानकारी दी है कि पकड़े गए लोगों में से एक शख्स ने पूछताछ के दौरान खुद को प्रदेश टीएमसी अध्यक्ष बताया है। पुलिस ने उसके पास से उसका विजटिंग कार्ड बरामद किया है। जिसपर उसका नाम सचिन सिंह चौहान लिखा हुआ है।

कार्ड पर यह भी लिखा हुआ है कि वो अभी राज्य टीएमसी अध्यक्ष का जिम्मा संभाल रहा है। इधर ‘Indian Today’ की एक टीम ने सचिन सिंह चौहान नाम के उस शख्स के घर पर जाकर पड़ताल भी की जिसने खुद को टीएमसी का अध्यक्ष होने का दावा किया है। सचिन सिंह चौहान के घर के बाहर एक बोर्ड लगा था जिसपर ‘टीएमसी स्टेट प्रेसिडेंट’ लिखा हुआ था।

बताया जा रहा है कि राज्य के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस को बारखेडी इलाके में देह व्यापार का धंधा चलाए जाने के बारे में शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने यहां छापेमारी की।

इस छापेमारी के बारे में एडिशनल सुपरिटेन्डेंट ऑफ पुलिस (क्राइम) निश्चल झरिया ने बताया कि ‘इस धंधे की किंगपिन 40 साल की महिला गायत्री वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। गायत्री वीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वो पेशे से एक चिकित्सक है। पुलिस ने 20-30 वर्ष की उम्र की तीन अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है।’

बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिन 6 अन्य लोगों को पकड़ा है वो सभी ग्राहक थे। ‘News 18’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस क्लिनिक में गुप्त रोगों के इलाज का दावा किया जाता था। लेकिन इसके नाम पर यहां देह व्यापार का गंदा खेल खेला जाता था। इतना ही नहीं यह क्लीनिक भी बिना रजिस्ट्रेशन के चलाया जा रहा था। बहरहाल अब पुलिस इस पूरे मामले में आगे की तफ्तीश में जुटी हुई है।