इसी साल जनवरी के महीने में तेलंगाना पुलिस ने अपनी बेहतरीन सूचनाओं के आधार पर दावा किया था कि उसने एक मोस्ट वांटेड सीरियल किलर मैना रामुल्लू को पकड़ा है। पुलिस ने रामुल्लू को मुलूगू पुलिस स्टेशन और घाटकेसर पुलिस स्टेशन में हुई 2 हत्याओं के सिलसिले में पकड़ा था। रामुल्लू को इससे पहले 21 अलग-अलग मामलों में भी पकड़ा गया था। इसमें से 16 मर्डर केस थे। 5 प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद और एक मामला पुलिस कस्टडी से फरार होने का था। रामुल्लू को उम्रकैद की सजा हुई थी लेकिन बाद में तेलंगाना हाई कोर्ट में उसने एक अपील दायर की थी जिसके बाद वो जेल की चाहरदीवारी से बाहर आ गया था।

हैदराबाद के तत्कालीन कमिश्नर ऑफ पुलिस अंजनी कुमार ने उस वक्त पत्रकारों को बताया था कि 1 जनवरी, 2021 को जुबली हिल्स के रहने वाले कवाला अनंथिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी कवाला वेन्टक्टम्मा 30 दिसंबर 2020 की सुबह 8 बजे से लापता हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद टास्क फोर्स, नॉर्थ जोन टीम और हैदराबाद सिटी पुलिस ने गुमशुदा महिला की तलाश शुरू की। इसके बाद 4 जनवरी को कवाला वेन्टक्टम्मा की डेड बॉडी अंकुशपुरा गांव के पास मिली थी।

पुलिस ने उस वक्त बताया था कि रामुल्लू का जन्म सांगारेड्डी जिले के आरुटला गांव में हुआ था। जब वो 21 साल का था तब उसके परिजनों की उसकी शादी कर दी थी। लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी पत्नी किसी अन्य युवक के साथ कहीं चली गई। इसके बाद वो महिलाओं से नफरत करने लगा और फिर वो सीरियल किलिंग में शामिल हो गया। साल 2003 से लेकर उस वक्त तक उसने 16 हत्याएं करने की बात कबूली थी।

पुलिस ने उस वक्त यह भी बताया था कि चेरापल्ली सेंट्रल जेल में रहने के दौरान उसे मेंटल अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। इसके बाद रामुल्लू तथा अन्य कैदी 30 दिसंबर, 2011 को अस्पताल से फरार हो गये थे। इस मामले में भी कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अस्पताल से फरार होने के बाद भी रामुल्लू ने 5 हत्याएं की थी। साल 2013 में उसे गिरफ्तार किया गया था। साल 2018 में वो बरी हो गया था।

जेल से छूटने के बाद भी उसने खुद को नहीं बदला था। इसके बाद वो 2 अन्य हत्याओं में भी शामिल था। इसके बाद वो दोबारा पकड़ा गया और फिर 31 जुलाई, 2020 को रिहा हुआ था। पुलिस के मुताबक 10 दिसंबर, 2020 को उसने 35-45 वर्ष की एक अज्ञात महिला को शराब का लालच देकर उनकी जघन्य हत्या कर दी थी। इसी साल 30 दिसंबर को उसने कवाला वेंकटम्मा की हत्या की और उनका कीमती सामान चुरा कर फरार हो गया था।