‘मोस्ट वांटेड’ चोर को तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया गया है। हैदराबाद पुलिस ने इस कुख्यात के पास से काफी सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि इस चोर ने B.Tech की पढ़ाई बीच में छोड़ दी और फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा।
हैदराबाद के कमिश्नर ऑफ पुलिस, अंजनी कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ईस्ट जोन की टास्क फोर्स टीम ने हैदराबाद के इस वांछित चोर को पकड़ा है। जिस सफाई से यह चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया करता था उसी सफाई से यह पुलिस को चकमा भी दिया करता था। नेनावथ विनोद कुमार का दूसरा नाम अखिलेश भी हैं। विनोद कुमार ने अपने साथी अखिलेश के साथ मिलकर कई घरों में चोरी की बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस ने इनके पास से सोने के आभूषण बरामद किये हैं। जिनकी कीमत 17 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इनके पास से 1 लाख रुपए से ज्यादा कैश भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि अखिलेश के साथ उसके दोस्त को भी पकड़ा गया है। हालांकि अभी उनका एक औऱ साथी शकील फरार है। शकील को पकड़ने के लिए कोशिशें की जा रही हैं।
पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार के अनुसार, विनोद कुमार ने वर्ष 2014 से 2019 के बीच चोरी और सेंधमारी की करीब 42 वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने उसे कई बार पकड़ा भी, लेकिन उसने जरायम की दुनिया को नहीं छोड़ा। उसे 2015, 2017 और 2019 में तीन बार गिरफ्तार किया गया, लेकिन हर बार जमानत मिलने के बाद वह चोरियां करने लगा। इस बार जनवरी 2020 में उसकी रिहाई हुई। इसके बाद उसने हैदराबाद और रचकोंडा कमिश्नरी के इलाके में आठ वारदातों का अंजाम दिया. उसके साथी राजेश और शकील भी इसमें शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक नेनावथ विनोद कुमार रंगारेड्डी जिले के अमंगल मंडल का रहने वाला है। फिलहाल वो बालापुर में रहता है। बी.टेक की पढ़ाई छोड़ने वाला नेनावथ समाज में कई तरह की गड़बड़ियां भी फैला चुका है।

