टैक्सी ड्राइवर ने 2 महीने के अंदर कई महिलाओं से दुष्कर्म किया। जब यह टैक्सी ड्राइवर पकड़ा गया तब उसने बचने के लिए कई पैंतरे भी आजमाए लेकिन कानून के शिकंजे से वो बच नहीं पाया। 23 साल के Felix Mwape नाम के एक युवक पर आरोप लगा कि उसने पिछले साल कई महिलाओं पर यौन हमला किया। इस मामले में ट्रायल के दौरान Ndola High Court में खुलासा हुआ कि Felix Mwape ज्यादातर उन महिलाओं को अपना शिकार बनाता था जो मोबाइल बूथ चलाती थीं। उसने कई महिलाओं से लूटपाट की और फिर उन्हें अपनी हवस का शिकार भी बनाया।
ट्रायल के दौरान कई महिलाओं ने अदालत को बताया कि Felix Mwape चाकू अपने पास रखता था और उन्हें अपराध के वक्त वो उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता था। हालांकि अदालत में अपने बचाव के लिए Felix Mwape ने कहा कि यह महिलाएं पेशे से सेक्स वर्कर थीं और उन्हें संबंध बनाने के बाद उससे पैसे मांगे थे। उसने अदालत में खुद को बेगुनाह बताया और महिलाओं पर आरोप लगाया कि वो उसे झूठे केस में फंसा रही हैं।
हालांकि अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद Felix Mwape को दोषी पाया। उसे लूटपाट, दुष्कर्म और गैरकानूनी काम करने का दोषी पाया गया। अदालत ने आरोपी Felix Mwape की सभी दलीलों को खारिज कर दिया। जज Chembe ने उसे 384 साल जेल की सजा सुनाई। zambiareports.com की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत ने लूट, रेप, हिंसा सहित अन्य मामलों में फेलिक्स को दोषी करार दिया है।
384 साल जेल की सजा के बावजूद उसे 40 साल ही जेल में रहना होगा, क्योंकि उसकी कई सजाएं एक साथ ही चलेंगी। अदालत ने रेप के लिए उसे 25 साल की सजा दी, जबकि लूट के लिए 40 साल, यौन हिंसा के लिए 15 साल, साथ में चोरी और अन्य मामलों में भी सजा दी गई। जज ने युवक को समाज के लिए खतरा बताया। जज ने यह भी साफ किया कि जेल की सजा काटने के दौरान उसे जेल के अंदर कड़ी मेहनत करनी होगी।
