कुख्यात महिला गैंगस्टरों की फेहरिस्त में आज बात ड्रग्स, मर्डर और ट्रैफिकिंग के धंधे की ‘क्वीन’ मारिया लियोन की। मारिया लियोन का पूरा नाम मारिया चाटा लियोन था। कभी लॉस एंजलिस के सीमावर्ती इलाकों में किसी महारानी की तरह रहने वाले मारिया लियोन 13 बच्चों की मां है। मारिया लियोन जिस गैंग को चलाती थी वो मैक्सिकन माफिया से जुड़ा था। इस गैंग ने 2 दशक तक नॉर्थईस्ट लॉस एंजलिस में कई संगीन अपराध किये।
मारिया को ड्रग के कारोबार का क्वीन इसलिए कहा जाता है क्योंकि बड़े-बड़े स्मगलरों से डील करना और फिर मादक पदार्थों को आसानी से बॉर्डर के पार पहुंचाना उसके बाएं हाथ का खेल माना जाता था। फ्रीजर में इंसानों को रख कर कई बार मारिया ने उन्हें बॉर्डर पार भी कराया है। मारिया के कई बेटे गैंगस्टर रह चुके हैं और वो भी ड्रग तस्करी को लेकर काफी कुख्यात रहे हैं। साल 2008 में पकड़े जाने के बाद अदालत ने उसे 8 साल की जेल की सजा सुनाई। अदालत में जब मारिया के खिलाफ ट्रायल चल रहा था तब प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि वो जिस गैंग को चलाती है उसमें से कम से कम 6 सदस्यों की वो मां है।
यूनाइटेड स्टेट्स में मारिया लियोन एक अवैध अप्रवासी थी। उसपर ड्रग्स बेचने, और बच्ची की तस्करी करने के आरोप साबित हुए थे। बताया जाता है कि कुल 13 बच्चों की मां साल 1985 तक कम से कम 14 से ज्यादा बार पकड़ी गई। साल 2002 में जब पुलिस ने उसे Drew Street house पर छापेमारी की तब वहां से कोकिन, मारिजुआना, घातक हथियार, विस्फोटक और सेलफोन मिले। जब पुलिस ने उसे पकड़ा था तब उसके सेलफोन पर ड्रग्स के ऑर्डर के लिए एक ग्राहक ने फोन भी किया था। उस घर में 6 बच्चे मौजूद थे। सभी बच्चों की उम्र 10 साल से कम थी।
Drew Street गैंग के सदस्य हत्या, पुलिस अधिकारियों पर हमले, हिंसा समेत कई गंभीर अपराधों में संलिप्त थे। साल 2007 में इस गैंग के सदस्य उस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में आए जब उन्होंने विरोधी गैंग के कुछ सदस्यों को सरेआम मार डाला। यह गैंग उनलोगों से टैक्स भी वसूलता था जो आसपास में ड्रग्स बेचा करते थे।
अदालत में सुनवाई के दौरान लियोन ने कहा था कि वो यूनाइटेड स्टेट में अवैध रूप से घुसी थी। उसने जज से उसे माफ कर देने की गुहार लगाई थी। इसपर जज ने कहा था कि यह मामला अवैध रूप से यूनाइटेड स्टेट्स में घुसने का नहीं है बल्कि कई ऐसे भयानक जुर्म से जुड़ा हुआ है जो कहीं ज्यादा गंभीर हैं।
5 फुट 2 इंच की इस महिला माफिया के बारे में बताया जाता है कि वो साल 1985 में गुएरियो स्टेट से ड्रिव स्ट्रीट आ गई। इसके सभी बच्चों ड्रिव स्ट्रीट में ही पले-बढ़े और वॉशिंगटन इरविंग मीडिल स्कूल से इन सभी ने पढ़ाई की। साल 1986 में चोरी के एक मामले में मारिया पकड़ी गई। इसी साल एक धोखाधड़ी के मामले में रिवरसाइड काउंटी में वो दोबारा पकड़ी गई। 1994 में वो फिरौती और ड्रग के एक अन्य मामले में पकड़ी गई। साल 2002 में ग्लेनडेल पुलिस डिपार्टमेंट ने इस महिला के खिलाफ सर्च वारंट हासिल करने के बाद इसके ड्रिव स्ट्रीट स्थित घर पर छापेमारी की।
