कहा जाता है कि अंडरवर्ल्ड की दहशत भरी दुनिया में महिलाओं की एंट्री इतनी आसान नहीं। बावजूद इसके अपराध की इस काली दुनिया से कई महिलाओं का नाम जुड़ा है। आज हम जिस महिला माफिया की बात कर रहे हैं उसे एक बेरहम महिला माफिया भी कहा जाता है। इस महिला का नाम है रफ्फैला डी अल्टेरियो। रफ्फैला डी अल्टेरियो क्राइम की दुनिया में इतनी मशहूर हुई कि उसे इस दुनिया में ‘द बिग किटेन’ का नाम दिया गया। रफ्फैला डी अल्टेरियो पर कुल 65 मामले दर्ज हैं। कहा जाता है कि जब एक बार पुलिस ने इन मामलों को लेकर उसके अड्डों पर छापेमारी की थी तो करीब 66 करोड़ के वाहन जब्त किए गए थे इनमें एक फरारी कार भी शामिल थी। लाल रंग की इस फरारी का नंबर प्लेट सोने से बना था। रफ्फैला डी अल्टेरियो को यह फरारी उसकी बेटी के बॉयफ्रेंड ने उसे तोहफे में दी थी। इस ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए पुलिस ने हेलिकॉप्टर और प्रशिक्षित कुत्तों की मदद ली थी।
यह भी कहा जाता है कि जिस खूंखार गैंग को यह महिला लीड करती थी उस गैंड ने 30 सालों में 4000 मर्डर किए थे।
साल 2006 में रफ्फैला डी अल्टेरियो के पति निकोला पियानेसी को आपसी रंजिश में गोलियों से भून दिया गया था। पति की मौत के बाद रफ्फैला ने गैंग की कमान संभाली थी। पति की हत्या के महज तीन साल बाद नाप्लेस के साउथर्न पोर्ट सिटी में रफ्फैला को भी गोली मार दी गई। इस हमले में रफ्फैला के बेटे को भी गोली लगी थी। लेकिन इत्तिफाक से गोली लगने के बाद भी दोनों बच गए थे।
साउथर्न इटली के प्रमुख शहर नैप्लेस में इस महिला गैंगस्टर और उसके परिवार के सदस्यों की तूती बोलती थी। ड्रग तस्करी और खूनी संघर्ष में माहिर इस महिला के खूंखार गैंग ने कई बार भयानक खूनी खेल खेले हैं। फिरौती, अवैध हथियार, डकैती, ड्रग तस्करी, मनी ट्रैफिकिंग समेत कई अन्य गंभीर आरोप इस महिला और उसके गैंग पर हैं। इस महिला गैंगस्टर ने गैंग का नेतृत्व करते हुए कई अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफियाओं से संपर्क साधकर अपना अवैध कारोबार को बढ़ाया। इतना ही नहीं इस महिला गैंगस्टर के अवैध धंधे लंदन तक फैले हुए हैं। साल 2012 में इस कुख्यात महिला गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया। (और…CRIME NEWS)

