उत्तर प्रदेश के कानपुर से चौंकाने वाली खबर आई है। यहां रहने वाली एक महिला ने अपने बेटे पर उसकी नाबालिग बहन के यौन उत्पीड़न की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस मामले में महिला ने यहां के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपने बेटे पर उसकी बहन की रेप की कोशिश की बात अपनी शिकायत में कही है।
यह मामला बुधवार को उजागर हुआ है। बताया जा रहा है कि इस महिला को 5 बच्चे हैं। महिला के तीसरे बेटे ने अपनी सबसे छोटी बहन के साथ कई बार दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ित लड़की की मां ने अपनी शिकायत में कहा कि उनका बेटा कई बार उनकी बेटी को खींच कर जबरदस्ती उसके कमरे में ले गया और उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। जब कभी लड़की ने इस बात का विरोध किया तो उसने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। महिला ने अपने बेटे के खिलाफ मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई है।
महिला के मुताबिक जब उनकी बेटी ने इस मामले में अपने घर के अन्य सदस्यों से शिकायत की तो उन्होंने इस मामले में उसकी कोई मदद नहीं की। महिला का आरोप है कि एक दिन उनके बेटे ने उनकी तथा अपनी बहन की पिटाई भी की। पीड़ित लड़की की मां का यह भी कहना है कि शादी के तुरंत बाद उनके ससुर ने उनके साथ भी बलात्कार किया था और मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
अब इस पूरे मामले पर यहां के डीआईजी ने जानकारी दी है कि यह मामला इलाके के सर्किल ऑफिसर को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद अगर लड़के पर लगाए गए आरोप सही पाए गए तो उसपर भारतीय दंड संहिता के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि अभी हाल ही में गुरुग्राम से भी एक ऐसी ही चौंकाने वाली वारदात सामने आई थी। यहां एक लड़की ने अपने पिता पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार भी कर लिया था।
