उत्तर प्रदेश के बरेली में ड्यूटी पर जा रही महिला होमगार्ड पर बीच सरेराह तेजाब फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि वारदात को महिला के दामाद ने प्रॉपर्टी के लालच में अंजाम दिया। महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राइवेट हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली के संजयनगर निवासी महिला (60) बारादरी थाने में होमगार्ड है। बताया जा रहा है कि रविवार रात उनकी ड्यूटी बरेली कॉलेज में लगी थी। ऐसे में वह ड्यूटी के लिए पैदल जा रही थीं। कॉलेज गेट के पास बाइक सवार 2 युवकों ने उन पर तेजाब फेंक दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग एकजुट हुए, लेकिन आरोपियों को नहीं पकड़ पाए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
National Hindi News, 10 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
महिला होमगार्ड ने पुलिस को बताया कि उनके भाई के कोई संतान नहीं थी। ऐसे में उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया था और उसकी शादी सिकलापुर निवासी विजय से की थी। बताया जा रहा है कि सिकलापुर में ही महिला के भाई का एक मकान भी है। कुछ समय पहले महिला के भाई की मौत हो गई, जिसके बाद विजय उस मकान पर कब्जा करने की प्लानिंग करने लगा। महिला का आरोप है कि विजय ने ही अपने साथी के साथ मिलकर उन पर तेजाब फेंका।
इंस्पेक्टर बारादरी कृष्णवीर सिंह के मुताबिक, फिलहाल महिला होमगार्ड का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। साथ ही, आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। महिला होमगार्ड पर तेजाब फेंका गया है या कोई केमिकल, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।
