विश्व भर में इस योग गुरु का बड़ा नाम है और कई बड़ी हस्तियां उन्हें फॉलो भी करती हैं। कोलकाता में जन्मे बिक्रम चौधरी बरसों पहले देश छोड़कर अमेरिका में शिफ्ट हो गए। कहा जाता है कि भारत में रहते हुए 4 साल की उम्र से ही बिक्रम चौधरी ने योगाभ्यास की शुरुआत कर दी थी। कड़ी मेहनत रंग लाई और महज 13 साल की उम्र में ही उन्होंने नेशनल इंडिया योगा चैंपियनशिप खिताब अपने नाम कर लिया था। वर्ष 1973 में फेलबाइटिस नाम की बीमारी से जूझ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति निक्सन ने उन्हें अपने इलाज के लिए अमेरिका बुलाया था और उसके बाद बिक्रम चौधरी अमेरिका में ही रह गए। बिक्रम चौधरी ने यहां लोगों को योगा सिखाना शुरू किया और देखते ही देखते वो योग गुरु बन गए। इतना ही नहीं उन्होंने बिक्रम हॉट योगा नाम से एक ब्रांड भी बनाया और कई अन्य मुल्कों में भी योगा स्टूडियो की शुरुआत की।

बिक्रम चौधरी से योग गुरु बिक्रम चौधरी बनने के बाद उन्होंने अपने प्रयासों से किसी तरह योग के 26 आसनों पर अपना पेटेंट हासिल कर लिया। इसके बाद उनकी जिंदगी में शोहरत और दौलत की कोई कमी नहीं रही। करोड़पति योग गुरु का साल 2016 में अपनी पत्नी राजश्री से तलाक हो गया। उस वक्त उन्हें अपने पति बिक्रम से हर्जाने के तौर पर ब्रेवरी हिल्स और लॉस एंजिलिस वाले मकान के साथ ही महंगी फरारी, मर्सिडीज 550 और बेन्टले कारें मिली थीं।

लेकिन बेशुमार दौलत और बड़ा नाम कमाने के बाद भी इस योग गुरु का दामन गंभीर आरोपों के दाग से दागदार रहा। पत्नी से तलाक को लेकर उनकी खूब किरकिरी हुई। लेकिन उससे पहले वो यौन शोषण के आरोप में भी घिरे। अमेरिकी कोर्ट में वकालत करने वाली एक एडवोकेट ने साल 2015 में योग गुरु पर यौन शोषण का आरोप लगाया। इस मामले में अदालत ने बिक्रम चौधरी पर 6 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया था। इसके अलावा योग गुरु पर पांच लड़कियों ने दुष्कर्म और छेड़खानी का आरोप लगाया। योग गुरु से उम्र में काफी छोटी उनकी एक शिष्या ने आरोप लगाया था कि साल 2010 में मालिश के बहाने उसके साथ ज्यादती की गई। इस मामले में भी योग गुरू को अदालती कार्रवाई का सामना करना पड़ा। (और…CRIME NEWS)