समाज में कई लोगों के बीच धारणा है कि डॉक्टर धरती के भगवान होते हैं। लेकिन जरा सोचिए कि यहीं डॉक्टर अगर शैतान बनकर महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ करने लगें तो क्या हो? एक गाइनेकोलॉजिस्ट चिकित्सक पर जिस तरह के गंभीर आरोप लगे हैं उसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। इस डॉक्टर पर करीब 24 महिलाओं ने आरोप लगाया है कि जांच के दौरान इस डॉक्टर ने उनके साथ छेड़खानी की और उनपर यौन हमले किए। गंभीर बात यह भी है कि यह चिकित्सक प्रेग्नेंट महिलाओं और नाबालिग बच्चियों को अपना शिकार बनाता था। इन सभी महिलाओं से पहले भी 6 महिलाओं ने इस चिकित्सक पर यौन शोषण का आरोप लगाया था।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में काम करने वाले इस डॉक्टर का नाम है रॉबर्ट हेडेन। रॉबर्ट हेडेन की उम्र अब 60 साल हो चुकी है और अब वो रिटायरमेंट भी ले चुका है। इस डॉक्टर के पास इलाज कराने गई महिलाओं का आरोप है कि वो उनकी नेकेड बॉडीज को हाथ लगाता था और कई अन्य तरीकों से भी वो उनका यौन शोषण करता था। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि डॉक्टर इलाज के दौरान गलत ढंग से प्रेग्नेंट महिलाओं के प्राइवेट पार्ट्स को टच करता था। 15 साल की एक लड़की का आरोप है कि इंजेक्शन देने के लिए इस डॉक्टर ने उनसे कपड़े उतारने को कहा था। इतना ही नहीं अस्पताल में जब एक महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया तो इस गाइनेकोलॉजिस्ट ने कहा कि ‘तुम पॉर्न स्टार की तरह दिखती हो।’ एक नाबालिग लड़की ने कहा है कि जांच के दौरान उसने उनसे आपत्तिजनक सवाल पूछे और सेक्शुअल टिप्स भी दिए।
कई पीड़ित महिलाओं ने अस्पताल प्रबंधन पर इस मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया है। ‘डेली मेल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक सबसे पहले इस डॉक्टर के खिलाफ यौन शोषण को लेकर 17 महिलाओं ने मुकदमा दर्ज कराया था और फिर इसके बाद 8 अन्य महिलाएं भी सामने आईं। इन सभी का कहना है कि अगर इस मामले की सही तरीके से जांच कराई जाए तो इस डॉक्टर की हैवानियत की शिकार कई और महिलाएं भी खुलकर सामने आने लगेंगी। इतना ही नहीं पीड़ित महिलाओं का यह भी कहना है कि डॉक्टर की इस हरकत के बारे में अस्पताल के कई कर्मचारियों को जानकारी थी लेकिन उन्होंने कभी भी उसके खिलाफ कुछ नहीं कहा। पीड़िताओं ने यूनिवर्सिटी पर मुकम्मल कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
इधर इस पूरे मामले पर कोलंबिया यूनिवर्सिटी की तरफ से कहा गया है कि चिकित्सक रॉबर्ट हेडेन के खिलाफ साल 2012 में पहली बार यौन शोषण के आरोप लगे थे। जिसके बाद विभाग की तरफ से जांच की गई और जांच के दौरान ही रॉबर्ट को क्लिनिक शेड्यूल से बाहर कर दिया गया। इसके बाद इस चिकित्सक ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी की तरफ से कभी किसी मरीज का इलाज नहीं किया है। बता दें कि साल 2016 में एक HIV पॉजिटिव महिला ने भी इस डॉक्टर पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। उस वक्त डॉक्टर ने थर्ड डिग्री क्रिमिनट सेक्स एक्ट के तहत अपना गुनाह भी कबूल किया था और अपना मेडिकल लाइसेंस सरेंडर करने के लिए भी तैयार हो गया था। हालांकि उस वक्त उसे जेल की सजा नहीं हुई थी। बहरहाल अब इस मामले में पीड़ित महिलाओं के वकील के मुताबिक यह केस कानून के मुताबिक रेप के दायरे में आता है लिहाजा इसपर डॉक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई करने की योजना बनाई जा रही है। (और…CRIME NEWS)
