इस किलर की वजह से साइप्रस में लोग खौफ में जी रहे थे। उसने सिलसिलेवार तरीके से 5 विदेशी महिलाओं और 2 बच्चियों को मौत के घाट उतार दिया। साइप्रस में इन मौतों के बीच पुलिस पर काफी दबाव था कि वो हत्यारे को बेनकाब करे। इस मामले में पुलिस ने पुख्ता सबूतों के साथ 35 साल के निकोस मेटाक्स को गिरफ्तार किया। निकोस पूर्व आर्मी ऑफिसर है। सोमवार (24 जून, 2019) को अदालत ने अपहरण और सात हत्याओं के जुर्म में निकोस को दोषी करार दिया। अदालत में रोते हुए निकोस ने पीड़ित परिवार वालों के लिए अफसोस जाहिर किया। उसने कहा कि ‘मुझे नहीं मालूम कि आखिर मैंने क्यों नफरत से भरे इन अपराधों को अंजाम दिया।’ साइप्रस के इस सीरियल किलर पर चलाए गए ट्रायल ने यहां लोगों को चकित कर दिया है।

संभवत: साइप्रस में इस तरह सीरियल किलिंग का यह पहला मामला था। गुनाह कबूलने के बाद निकोस मेटाक्स ने यह भी कहा कि ‘मैंने खुद से भी पूछा है कि मैंने ऐसा क्यों किया इसका जवाब क्या मैं कभी तलाश पाऊंगा।’ तीन जजों के पैनल ने साइप्रस के इस सीरियल किलर को 7 बार 25 साल जेल यानी 7 उम्रकैद की सजा सुनाई। जजों ने कहा कि यह किलर मजबूर औऱ लाचार महिलाओं को मारने का कैंपेन चला रहा था।

बता दें कि साइप्रस में यह हत्याएं सितंबर 2016 से अगस्त 2018 के बीच की गईं। जिन महिलाओं को निकोस मेटाक्स ने मारा है उनमें से तीन महिलाएं फिलीपिन्स की रहने वाली हैं। एक महिला नेपाल और एक अन्य महिला रोमानिया की है। इनमें से ज्यादातर यहां घरों में नौकरानी के तौर पर काम करती थी। जिन दो बच्चियों को उसने मारा है उनकी उम्र छह और आठ साल है। यह दोनों मेटाक्स की शिकार महिलाओं की बेटियां थीं।

इससे पहले इन हत्याओं के सिलसिले को रोक पाने में नाकाम रहने पर देश के पुलिस प्रमुख को उनके पद से हटा दिया गया था और मामले की जांच सही ढंग से ना कर पाने पर न्यायिक मंत्री ने भी अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया था। यह मामला सबसे पहले अप्रैल में उस वक्त सामने आया था जब दो महिलाओं की डेड बॉडी यहां बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने मेटाक्स को संदिग्ध के तौर पर हिरासत में लिया था। शुरू में उसने इन सभी हत्याओं में शामिल होने से इनकार किया था लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदला और इन सभी अपराधों को स्वीकार किया। (और…CRIME NEWS)