रायपुर के रहने वाले एक युवक पर 30 से ज्यादा महिलाओं और जवान लड़कियों के यौन शोषण का आरोप लगा है। आरोप है कि यह युवक लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका रेप करता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल करने लगता था। यह मामला छत्तीसगढ़ का है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान की रहने वाली 30 से ज्यादा महिलाओं ने इस युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। इस युवक की पहचान गगनदीप उर्फ रिचि के तौर पर हुई है। आरोप है कि गगनदीप प्यार का झांसा देकर लड़कियों को फंसाता था और फिर उनका रेप करता था। इतना ही नहीं वो लड़कियों का अश्लील वीडियो भी बनाता था और फिर बाद में वो इस वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था।
इस मामले की पीड़िताओं ने राज्य के गृह मंत्रालय, पुलिस और महिला आयोग के पास अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। गगनदीप का घर भिलाई के वैशाली नगर में है। गगनदीप ने भिलाई, रायपुर, जगदलपुर, जोधपुर, इंदौर समेत कुछ अन्य जिलों में रहने वाली अलग-अलग लड़कियों से शादी का वादा कर उनसे जिस्मानी संबंध बनाए। इतना ही नहीं उसने इन लड़कियों की कुछ निजी और अतरंग वीडियो भी बना लिए।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक पीड़िता ने बताया कि वो गगनदीप को बीते 2 सालों से जानती है। दोनों की बातचीत फोन पर शुरू हुई थी। एक दिन वो उनके रायपुर स्थित घर पर आया। घर में उस दिन कोई नहीं था और वहां उसने इस महिला के साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने इस महिला को फोन कर उनसे 2 लाख रुपए की डिमांड की। इतना ही नहीं उसने युवती को धमकी दी कि अगर उन्होंने उसे पैसे नहीं दिए तो वो उनकी निजी तस्वीरें उनके पति को दिखा देगा। वैशाली नगर की रहने वाली एक महिला ने भी गगनदीप पर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। इस महिला ने बताया कि गगनदीप से तंग आकर उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया लेकिन इसके बावजूद गगनदीप अक्सर उन्हें तंग किया करता था। इस मामले में पुलिस ने गगनदीप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की तैयारी की जा रही है। (और…CRIME NEWS)
