राह चलती महिलाओं के साथ अचानक छेड़छाड़ कर भाग जाने वाले एक खतरनाक ‘Molester’ की पहचान हो गई है। दरअसल मुंबई पुलिस के हाथ एक CCTV फुटेज लगा है। इस फुटेज में नजर आ रहा है कि यह शख्स राह चलती एक महिला को अचानक जबरदस्ती पकड़ कर किस करने लगता है। अचानक अपने साथ हुई इस वारदात से महिला घबरा जाती है।
यह महिला किसी तरह युवक से खुद को छुड़ाती है और फिर वहां से भागने की कोशिश करती है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह महिला इतनी खौफजदा हो जाती है कि वो सड़क पर दौड़ने लगती है और फिर बार-बार पीछे मुड़कर यह भी देखती है कि कहीं छेड़खानी करने वाला शख्स उनका पीछा तो नहीं कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक यह वीडियो बीते 26 जनवरी का है। पुलिस ने यह भी बताया है कि महिला के साथ छेड़खानी करने वाला यह शख्स एक ‘Serial Molester’ है और पहले भी ऐसी घिनौनी वारदात को अंजाम दे चुका है। हालांकि इस युवक के खिलाफ इस मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं कराया गया है। गुरुवार को पुलिस ने इस युवक को चोरी से संबंधित दूसरे मामले में गिरफ्तार किया था।
इसी दौरान पुलिस ने इसकी पहचान ‘Serial Molester’ के रूप में की है। हालांकि अब यहां पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पीड़ित महिला ने इस युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है लिहाजा छेड़खानी के मामले में उसपर कोई भी केस दर्ज नहीं किया गया है।
आपको याद दिला दें कि इससे पहले साल 2019 में घाटकोपर पुलिस ने सचिन अनंत शामा को गिरफ्तार किया था। बाद में पता चला था कि सचिन भी एक ‘Serial Molester’ था। उसने 5 बच्चियों के साथ सरेराह छेड़खानी की थी। यह भी पता चला था कि वो बच्चियों को चॉकलेट का लालच देकर उनके साथ गंदी हरकत करता था और चुपचाप फरार हो जाता था।

