उसपर किसी को शक नहीं होता था क्योंकि वो एक गांव से दूसरे गांव में जाकर मसाला बेचा करता था। लोग उसे छोटा-मोटा व्यापारी समझते थे। लेकिन जब साल 2016 में इस शख्स को पुलिस ने पकड़ा तब उसकी असलियत सुनकर सभी हैरान रह गए। यह कहानी है मध्य प्रदेश के एक ऐसे सीरियल किलर की जो 9 साल के बाद पकड़ा जा सका था। हैरानी की बात यह भी है कि वो महज 5,000 रुपए के लिए लोगों की हत्याएं कर देता था। साल 2016 में भोपाल की मुंगावली पुलिस ने वनमाली जोशी नाम के एक शख्स को पकड़ा। इस शख्स पर आरोप था कि उसने इसी साल पुला गांव के रहने वाले जीवन लाल वाथम की हत्या की है। इसे पकड़ने के बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की। वनमाली जोशी ने जीवन लाल वाथम की हत्या की बात कबूल ली लेकिन साथ ही साथ उसने कई और हत्याओं का जुर्म भी पुलिस के सामने कबूला जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई क्योंकि उसने पूर्व में हुई इनमें से कुछ हत्याओं के केस फाइल को बंद कर दिया था।
वनमाली जोशी ने उस वक्त पुलिस को बताया था कि साल 2007 के दिसंबर के महीने में उसने गुन्हेरू रेलवे स्टेशन पर मुलायम सिंह बघेल नाम के एक शख्स की हत्या की। इसके बाद उसने साल 2008 में सरूज जाटव, 2016 में वुद्धू वाथम और फिर इसी साल फरवरी के महीने में जीवन लाल वाथम की हत्या की। मुलायम सिंह बघेल की हत्या के वक्त हालांकि पुलिस ने मामले की गहरी छानबीन की थी लेकिन हत्यारे का सुराग हाथ नहीं लगा तो पुलिस ने मामले की फाइल को बंद कर दिया था।
वनमाली जोशी ने जब पुलिस को बताया कि उसने यह हत्याएं क्यों और कैसे की? तो पुलिस दंग रह गई। वनमाली ने बताया था कि वो लोगों से 5,000 रुपए लूटता था। वो लोगों की हत्या कर उनके जेब से सिर्फ 5,000 रुपए ही निकलता था और अगर इससे ज्यादा रकम उनके पास होती थी तो भी वो 5,000 रुपए ही उनकी जेब से लेता था। उसने बताया कि कई बार उसने पत्थर से कूच-कूच कर अपने शिकार को मारा है। वनमाली की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर भी उस वक्त बरामद किये थे।
पुलिस ने वनमाली जोशी को गिरफ्तार करने के बाद बताया था कि लोगों को इस हत्यारे पर इसलिए शक नहीं होता था क्योंकि वो हत्या करने के बाद दोबारा उस गांव में मसाला बेचने जाता था ताकि किसी को उसपर शक ना हो। वनमाली जोशी लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपनी जाल में फंसाता था। बहरहाल वनमाली जोशी को पकड़ने के बाद पुलिस ने कानून के मुताबिक कार्रवाई की। (और…CRIME NEWS)
