इस सीरियल किलर के दिमाग पर ऐसा जुनून सवार था कि वो बस कत्ल पर कत्ल करता या करवाता चला गया। आज हम बात कर रहे हैं कैलिफोर्निया के उस सनकी सीरियल किलर की जिसने कई मशहूर हस्तियों को खुद मारा या फिर अपने चेलों से मरवा डाला। 12 नवंबर 1934 को चार्ल्स मैंशन का जन्म ओहियो के सिनसिना में हुआ था। जानकारी के मुताबिक चार्ल्स मेंशन की मां ने उसे बचपन में एक ऐसी महिला के हाथों बेच दिया जिन्हें कोई बच्चा नहीं था और वो एक बच्चे को गोद लेना चाहती थीं। हालांकि बाद में मैंशन के चाचा ने इस महिला को खोजा और अपने भतीजे को वापस घर लेकर आए।
California Parole Board के मुताबिक मैंशन उग्र स्वभाव का था और दिमागी तौर से बीमार था। साल 1947 में 12 साल की उम्र में मैंशन को एक चोरी के मामले में बाल सुधार गृह भेजना पड़ा था। लेकिन इसके बाद अगले 20 साल तक उसने कई गंभीर अपराध किए। साल 1967 में जब उसे जेल से रिहा किया जा रहा था तब उसने ‘जेल में पुलिस वालों से कहा था कि वो जेल से बाहर नहीं जाना चाहता क्योंकि वो बाहर की दुनिया में एडजस्ट नहीं कर पाएगा।’ जेल से बाहर आने के बाद वो सैन फ्रांसिस्को चला गया।
इसी साल उसकी मुलाकात एक म्यूजिक टीचर गैरी हिनमैन से हुई। इसके बाद मैंशन ने एक ग्रुप बनाया और उसने इस ग्रुप से कई लोगों को जोड़ा भी। चार्ल्स ने इस ग्रुप का नाम ‘मैंशन फैमिली’ रखा था। इसके बाद हिनमैन ने मैंशन की मुलाकात एक मशहूर निर्देशक पोलान्स्कि से करवाई और कहा कि वो अपनी फिल्म में चार्ल्स को भी लें। लेकिन इस निर्देशक ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद मैंशन के अनुयायियों ने हिनमैन की हत्या कर दी। मैंशन के फॉलोअर्स ने बताया था कि उन्होंने यह हत्या मैंशन के कहने पर की थी। इसके बाद ‘मैंशन फैमिली’ के सदस्यों ने 5 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इनमें मशहूर निर्देशक पोलान्सकि की पत्नी, अभिनेत्री टेट, लेखक वोजिक फ्राइकोवस्कि, मशहूर सेलिब्रिटी और हेयर स्टाइलिस्ट जे सेबरिंग और अबिगैल फोल्गर शामिल थे। चार्ल्स एक धार्मिक पंथ चलाता था और अपने इशारे पर अपने लोगों से हत्याएं करवाता था। इन हत्याओं के बाद इस ग्रुप ने एक सुपरमार्केट के एग्जीक्यूटिव और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
मैंशन और उसके ग्रुप में शामिल उसके अनुयायी वाट्सन, एटकिन्स, क्रेनविकल और कासाबियन को साल 1969 में पकड़ा गया। उस वक्त इन सभी ने कहा था कि ‘चार्ल्स मैंशन के कहने पर हमलोगों ने कई बड़ी हस्तियों को मारा। हमने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हम दुनिया को हैरान करना चाहते थे।’ बाद में इस बात का भी पता चला कि चार्ल्स ने कई लोगों को खुद भी मारा। अदालत में मैंशन समेत इन सभी को कई हत्याओं का दोषी पाया गया। अदालत ने मैंशन समेत उसके चार साथियों को मौत की सजा सुनाई। लेकिन कैलिफोर्निया में उस वक्त मौत की सजा नहीं दी जा सकती थी इसलिए अदालत ने इन सभी उम्रकैद काटने का आदेश दिया। साल 2017 में 83 साल की उम्र मैंशन की प्राकृतिक कारणों से मौत हो गई।
