बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक विधायक के बेटे पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि एमएलए के बेटे ने एक लड़के की पिटाई सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसे लड़के के खोमचे पर बिक रहा खाना पसंद नहीं आया। यह मामला रोहतास जिले के सासाराम का है। इस मामले में सासाराम से आरजेडी के विधायक डॉक्टर अशोक कुमार के बेटे अंकुर कुमार सहित तीन अन्य लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

जानकारी के मुताबिक मारपीट की यह घटना बीते मंगलवार (11 जून, 2019) की है। इस दिन अंकुर कुमार ने सड़क किनारे खोमचा लगाने वाले रजत केसरी से खाने-पीने का सामान विधायक के आवासीय होटल में मंगवाया था। लेकिन यह खाना अंकुर को पसंद नहीं आया। इसके बाद विधायक अपने कुछ दोस्तों के साथ रजत केसरी से खाने के खराब स्वाद को लेकर उलझ पड़े। गुस्साए अंकुर और उसके दोस्तों ने रजत केसरी की मौके पर ही धुनाई शुरू कर दी। अंकुर और उसके दोस्तों ने रजत को इतना पीटा की वो बेहोश हो गया। रजत के परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में रजत काफी देर तक बेहोश रहा। उसके होश आने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सदर एएसपी राजेश कुमार ने कहा है कि पीड़ित रजत केसरी के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की जांच की जा रही है। विधायक के बेटे की पिटाई से जख्मी युवक का इलाज डिहरी के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक धीरे-धीरे उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है। पिटाई से युवक के माथे में गंभीर चोट आई है जिसका डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया है। इस मामले में धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें भी की जा रही हैं। (और…CRIME NEWS)