आरोपी युवक सहजीवन में रहने वाली महिला की हत्या कर शव को घर में बंद कर फरार हो गया। फरार होने से पहले करीब नौ घंटे उसने शव के साथ बिताए। यही नहीं, वह दो दिनों तक महिला के शव को देखने रात को घर में आता रहा।
आरोपी ने महिला की हत्या उसकी एक वर्ष की बेटी के सामने की और बच्ची को अपने साथ ले गया। उसे संदेह था कि महिला का किसी से अवैध संबंध है। आरोपी राहुल वर्मा महिला से शादी करना चाहता था। सरिता विहार थाना पुलिस ने आरोपी युवक को घटना के पांच दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सरिता विहार पुलिस को 12 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे सूचना मिली थी कि मदनपुर खादर में एक घर में महिला बेहोश पड़ी है और घर बाहर से बंद है। पुलिस को मौके पर मकान मालिक परम बिधूड़ी मिला। मकान बाहर से बंद था। पुलिस ने गेट तोड़ा तो एक महिला (22) बेसुध पड़ी हुई थी। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे।
मकान मालिक ने बताया कि राहुल ने उसे फोन कर बताया था कि उसकी महिला दोस्त गुलशाना घर में मृत पड़ी है। इस पर पुलिस ने राहुल के भाई प्रवीण से संपर्क किया। राहुल का परिवार भी मदनपुर खादर में रहता है। प्रवीण ने बताया कि राहुल एक महिला के साथ करीब 20 दिन से सहजीवन में रह रहा था। महिला की एक वर्ष की बेटी है। उसका पहला पति बदरपुर इलाके में रहता है।
पोस्टमार्टम से पता लगा कि गुलशाना की गला दबा कर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस न हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू की और आरोपी को आली गांव जंगल क्षेत्र, सरिता विहार से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। राहुल गुलशाना पर संदेह करता था कि उसका किसी और से संबंध है। इस बात पर उनका आए दिन झगड़ा होता रहता था। गुलशाना ने 10 नवंबर को उससे पांच हजार रूपए मांगे, इस पर हुए झगड़े में उसने दोपहर के समय गुलशाना की हाथों व चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी रात 10 बजे तक महिला के साथ शव के साथ रहा। उसने बेटी को किसी को दे दिया और फरार हो गया। आरोपी एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।