यूपी के बांदा से सटे चित्रकूट जिले में शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है, जो दिख दुखाने वाली है। यहां एक शख्स पर मूकबधिर महिला से रेप और उसकी नवजात बच्ची से छेड़खानी का आरोप है। आरोपी शख्स कोई और नहीं बल्कि महिला का करीबी ही है। महिला बोल-सुन पाने में असमर्थ है। पति किसी काम से बाहर गया हुआ था, नवजात बच्ची घर में सो रही थी और महिला खाना बना रही थी। इसी बीच जान-पहचान वाला शख्स कथित तौर पर घर में घुस आया और महिला के साथ जबरदस्ती कर उसका रेप किया।
रेप की घटना के बाद फरार हो गया आरोपी
दरअसल, पीड़ित मूकबधिर महिला के साथ उसके परिचित व्यक्ति ने ही कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसने नवजात बच्ची के साथ छेड़छाड़ भी की। पुलिस के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है लेकिन वह घटना के बाद से फरार है।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार की है। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत के हवाले से बताया, ‘‘मंगलवार को जब महिला घर में खाना पका रही थी और उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था, तभी आरोपी राज नारायण घर में घुसा और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।’’
नवजात बच्ची को भी नहीं छोड़ा, हालत देख पति के पैरों तले खिसक गई जमीन
अधिकारी ने आगे कहा, ‘‘बाद में उसने महिला की नवजात बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की। जब पति लौटा तो दोनों की हालत देख उसकी हालत खराब हो गई। पूछने पर महिला ने इशारों में उसे पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद पति ने पुलिस से संपर्क किया।’’
सिंह ने आगे बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी गई हैं।