Bengaluru News: 17 साल की रेप पीड़िता के साथ फिर रेप की शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। खाकी वर्दी पर आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है लेकिन इस सिपाही पर इस खाकी को दागदार करने का आरोप है। ये चौंकाने वाली घटना कर्नाटक के बेंगलुरु में हुई है।
आखिर हुआ क्या था?
बेंगलुरु में 17 साल की लड़की से कथित तौर पर रेप किया गया, लड़की के दोस्त विक्की ने शादी का वादा किया और उसके साथ रेप और यौन शोषण किया। इसके बाद लड़की ने अपनी मां को आपबीती बताई, मां उसे लेकर थाने पहुंची। पीड़िता और उसकी मां ने बोमनहल्ली पुलिस स्टेशन में पुलिस को घटना के बारे में बताया। यहीं पर काम करने वाले सिपाही अरुण ने लड़की की शिकायत लिखी। अरुण नाम के सिपाही ने पीड़िता से कहा कि डरो मत, तुम्हें न्याय मिलेगा। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद इस लड़की को बेंगलुरु के एक होटल में बुलाया गया, वहां उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
अरुण के पीड़िता को होटल में बुलाने के बाद क्या हुआ?
पीड़िता के आरोप के मुताबिक सिपाही अरुण ने उसे होटल में बुलाया। इसके बाद उसने शराब की एक बोतल में कोई उत्तेजक पदार्थ मिलाया और लड़की को पिला दिया। इसके बाद अरुण ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। उसने पीड़िता को धमकी दी कि अगर तुमने इस बारे में बात की तो तुम्हारा वीडियो लीक कर दूंगा, लेकिन पीड़िता ने इस घटना के बारे में पुलिस को बता दिया। पुलिस ने इस मामले में लड़की के दोस्त विक्की और सिपाही अरुण दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस ने दोबारा पीड़िता का बयान दर्ज किया है, साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि आगे की जांच जारी है। इस खबर के बारे में जानकर लोग हैरान हैं और सिपाही के खिलाफ मामले की जांच की जा रही है।