केरल में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। कन्नूर जिले की एक 16 साल की लड़की ने अपने पिता समेत कई लोगों पर बलात्कार के आरोप लगाए हैं। नाबालिग लड़की का कहना है कि उसका पिता उसके साथ पिछले दो सालों से रेप कर रहा था। इसके अलावा बाकी अन्य लोगों ने भी उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित लड़की के पिता समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 10 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपों के मुताबिक 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़ित लड़की के साथ उसके पिता के अलावा कई दूसरे लोग रेप कर रहे थे। लड़की का यौन शोषण पिछले दो सालों से चल रहा था। पुलिस ने बताया कि बीते नवंबर महीने में ही 4 नए लोगों ने उसके साथ रेप किया। इनमें से एक ने लड़की के साथ फेसबुक पर दोस्ती की थी। जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनकी उम्र 30 साल के करीब है।
पीड़ित लड़की की तरफ से पुलिस में शिकायत उसकी मां ने दर्ज कराई है। मां को यह बात पीड़ित लड़की के भाई के जरिए पता चली। पीड़ित लड़की ने अपने साथ हो रहे दुष्कर्म की दास्तान अपने भाई से कही। जिसके बाद भाई ने यह बात अपनी दूसरी बहन को कही और यहीं से उनकी मां को पूरे वारदात की जानकारी मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाई का कहना है कि उसकी बहन का एक वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस को दिए बयान में लड़की ने दूसरी लड़कियों के साथ भी यौन शोषण होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच चल रही है।
