उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने रेप पीड़िता के पिता को गोली मार दी। गंभीर बात यह भी है कि जिस शख्स ने गोली चलाई है वहीं नाबालिग के साथ रेप का आरोपी भी है और पुलिस की फाइलों में फरार भी। फरार अपराधी का नाम आचमन उपाध्याय बताया जा रहा है। आरोप है कि बीते 10 फरवरी की रात आचमन उपाध्याय ने उस लड़की के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी जिसने उसपर दुष्कर्म का इल्जाम लगाया था। इस मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद यहां 2 कोतवाल और एक चौकी प्रभारी को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक साल 2019 में शिकोहाबाद में दुष्कर्म की एक वारदात हुई थी। अगस्त के महीने में एक नाबालिग लड़की ने आचमन उपाध्याय पर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया था और उसके खिलाफ थाने में केस भी दर्ज कराया गया था। लेकिन बड़ी हैरानी की बात है कि केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस आज तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी से जुड़ी संपत्तियों की कुर्की जरुर की थी।
पुलिस की फाइलों में अगस्त से ही फरार यह शख्स केस दर्ज होने के बाद से लगातार पीड़ित लड़की और उसके पिता पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। 1 फरवरी को आचमन उपाध्याय ने लड़की के पिता को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने मुकदमा वापस नहीं लिया तो वो उनकी पांच दिनों के अंदर हत्या कर देगा।
आरोपी द्वारा धमकी दिये जाने की शिकायत भी पीड़ित परिवार ने पुलिस से की थी। लेकिन इससे पहले कि पुलिस आरोपी को पकड़ पाती 10 तारीख को उसने रेप पीड़िता के पिता को गोली मार दी। इस खबर के उजागर होने के बाद यहां हड़कंप मच गया है। तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के बाद अब पुलिस का कहना है कि वो जल्दी ही आरोपी को पकड़ कर उसपर कानूनी कार्रवाई करेगी।
