पंजाब पुलिस की एक टीम ने पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) सुमेध सिंह सैनी के घर पर छापेमारी की है। शुक्रवार की सुबह यह छापेमारी चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित डीजीपी के घर पर पुलिस ने की है। हालांकि बताया गया कि उस वक्त डीजीपी अपने घर पर मौजूद नहीं थे। दरअसल मोहाली की एक अदालत ने पिछले सप्ताह स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को इजाजत दी थी कि वो सुमेध सिंह सैनी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत केस दर्ज करे। यह मामला बलवंत सिंह मुल्तानी नाम के युवक के अपहरण और उसकी कथित हत्या से जुड़ा हुआ है।
अदालत ने 27 अगस्त तक इस मामले में सुमेध सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। इससे पहले मई 2020 में पूर्व डीजीपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आपको बता दें कि सुमेध सिंह सैनी और 6 अन्य पुलिस वालों पर 29 साल के बलवंत सिंह मुल्तानी का अपहरण करने, उन्हें टॉर्चर करने और उन्हें गायब कर देने का आरोप है और इन सभी पर केस भी दर्ज है। बलवंत सिंह मुल्तानी के बारे में बताया जाता है कि वो एक पूर्व आईएएस अधिकारी दर्शन सिंह मुल्तानी के बेटे हैं।
बताया जाता है कि बलवंत सिंह पर आऱोप था कि जब सुमेध सिंह सैनी साल 1991 में चंडीगढ़ के एसएसपी थे तब उन्होंने सुमेध सिंह पर हमला किया था। यह हमला उस साल 11 दिसंबर को किया गया था। तत्कालीन एसएसपी पर हमला करने के मामले में देविन्दर पाल सिंह भुल्लर नाम के एक शख्स को भी आरोपी बनाया गया है। इस मामले में बाद में पुलिस ने बताया कि बलवंत सिंह गुरदासपुर पुलिस की कस्टडी से फरार हो गए थे।
इसी केस के सिलसिले में पुलिस ने पूर्व डीजीपी के घऱ पर रेड डाली थी। इधर मोहाली की अदालत ने पूर्व डीजीपी की अंतरिम जमानत याचिका को 1 सितंबर तक के लिए एक्सटेंड कर दिया है। सैनी के वकील एपीएस देओल ने शुक्रवार की सुबह ही अदालत का रूख किया था। छापेमारी के बाद सैनी के वकील की तरफ से अदालत का रूख किया गया था। बताया जाता है कि मोहाली के डीएसपी विक्रमजीत सिंह खुद छापेमारी दल का नेतृत्व कर हे थे। मोहाली पुलिस के अलावा इस टीम में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के सदस्य भी थे।
