बिहार के समस्तीपुर जिले में एक महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आऱोप है कि महिला के गांव के कुछ दबंगों ने उन्हें डायन बताकर उनके बाल काट दिये। इस मामले में पीड़ित महिला ने 7 लोगों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गांव के लोगों का कहना है कि बीते मंगलवार (07 अप्रैल, 2020) को उन्होंने इस महिला को शमशान में तंत्र साधना करते हुए देखा था। गांव के लोगों का कहना है कि यह महिला गोबर का पुतला बनाकर तथा शराब की बोतल, और अगरबत्ती जलाकर शमशान में तंत्र-मंत्र कर रही थी।
बताया जा रहा है कि महिला को ऐसा करता देख गांव वालों को शक हो गया कि वो डायन है। इसी अंधविश्वास में आकर गांव के ही रहने वाले दिलीप राम, विकास राम, श्याम राम, कुसुम देवी, गुलशन राम, सुरता राम, संजीत राम समेत सात लोगों ने इस महिला को पकड़ लिया और मारपीट के बाद उसके बाल काट दिये।
‘लाइव हिन्दुस्तान’ की रिपोर्ट के मुताबिक यह महिला पांच महीने की गर्भवती थी। महिला को बचाने गए उसके पति के साथ भी लोगों ने इन लोगों ने मारपीट की और उसे पेड़ से बांध दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि दबंगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की है।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कुसुम देवी, विकास राम, गुलशन राम उर्फ प्रवेश राम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पिछले साल गोपालगंज जिले से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां भी कुछ बदमाशों ने एक महिला को डायन बताकर उनकी पिटाई कर दी थी। इस मामले में भी महिला की शिकायत के बाद थाने में केस दर्ज कराया गया था।
इसी तरह साल 2019 में अप्रैल के महीने में भी सहरसा जिले से ऐसी खबर आई थी। महिला ने उस वक्त 5 लोगों पर उन्हें डायन बताकर पीटने का आरोप लगाय था।

