‘Boy In The Box’..यह किसी फिल्म का टाइटल नहीं बल्कि यह नाम एक चर्चित मर्डर मिस्ट्री को दिया गया। अमेरिका के इतिहास में इस मर्डर को सबसे रहस्यमयी माना गया है क्योंकि 50 साल से ज्यादा गुजर चुके हैं और पुलिस अब तक इस केस को सुलझा नहीं पाई है। इस केस में पुलिस ने हर एंगल से जांच की लेकिन मामले के तह तक वो कभी नहीं पहुंच सकी। हैरानी की बात तो यह भी है कि आज तक इस बच्चे की भी पहचान नहीं हो सकी। हम आपको बताते हैं कि कैसे एक बच्चे की मौत बन गई अमेरिकी इतिहास की एक चर्चित मिस्ट्री।

बात 23 फरवरी 1957 की है। फिलाडेल्फिया के फॉक्स चेस सड़क के किनारे जंगलों में एक शख्स चूहों को पकड़ने वाला जाल खोज रहा था। इस तलाश के दौरान उसकी नजर एक बक्से पर पड़ी। जब इस शख्स ने बक्से को खोला तो उसमें एक बच्चे की लाश देखकर वो हैरान रह गया। इस शख्स ने फैसला किया कि वो पुलिस को इस बारे में बताएगा। जैसे ही पुलिस को यह सूचना मिली पुलिस ने बक्से को अपने कब्जे में लिया और इस बच्चे की शिनाख्त करने की कोशिशों में जुट गई। लेकिन सच यह है कि बक्से में मिले बच्चे के शव की पहचान आज तक नहीं हो सकी इसीलिए इस केस का नाम पड़ा ‘Boy In The Box’।

बच्चा बिल्कुल ही नग्न अवस्था में था। उसके हाथ-पैर दोनों बंधे थे और ऐसा लग रहा था जैसे कि मरने से पहले उसे पानी में डुबोया गया था। ऐसा भी लग रहा था कि मरने से पहले इस बच्चे ने उल्टियां की थी। खास बात यह है कि इस बच्चे की मौत की खबर उन दिनों मीडिया में काफी सुर्खियां बनीं। लगभग सभी प्रमुख अखबारों में यह खबर छपी लेकिन हैरानी की बात है कि इस बच्चे की पहचान करने के लिए कोई भी आगे नहीं आय़ा। हालांकि साल 2002 में इस केस में एक दिलचस्प मोड़ आया। दरअसल उस वक्त एक मनोवैज्ञानिक चिकित्सक ने इस केस को लेकर प्रशासन से संपर्क किया। चिकित्सक ने प्रशासन के सामने दावा किया कि यहां की एक मरीज जिसका नाम मैरी है उसने उनसे कहा था कि उसके माता-पिता ने अमेरिका में एक अज्ञात बच्चे को खरीदा था जिसका इस्तेमाल वो सेक्स टॉय के रूप में करते थे।

मैरी के मुताबिक उसकी मां इस बच्चे के साथ नहा रही थी और अचानक उन्होंने इसे फेंक दिया। उसने चिकित्सक को बताया कि वो अपने मां के साथ नॉर्थईस्ट फिलाडेल्फिया के जंगलों में गई थी जहां उन्होंने इस बच्चे को एक कंबल में लपेट कर उसे एक बक्से में रखा और फिर चुपचाप वहां से निकल गए। जांचकर्ता इस बात को मान गए कि मैरी सही बोल रही है जबकि मैरी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। हालांकि जब मैरी का नाम उस वक्त प्रेस में लीक हो गया तो अचानक मैरी ने देश छोड़ दिया। तब से लेकर अब तक इस यह केस अनसुलझा है और पुलिस इस केस को सुलझाने के लिए ज्यादा कुछ भी नहीं कर पाई। (और…CRIME NEWS)