देश की राजधानी दिल्ली में हुई एक मौत पुलिस के लिए अब पहेली बन चुकी है। मौत की सच्चाई क्या है? इसको लेकर पुलिस अंदेशा तो लगा रही है लेकिन उसके हाथ अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं लगे हैं। नॉर्थ दिल्ली के सब्जी मंडी थाना इलाके में एक मकान के अंदर से कई दिनों से दुर्गंध आ रही थी। आसपास के लोग इस दुर्गंध से इतना परेशान हो गए थे कि उन्हें कुछ भी नहीं सूझ रहा था। यह मकान पिछले कुछ दिनों से बंद था लिहाजा इलाके के लोगों को कुछ भी नहीं मालूम था कि मकान के अंदर से आखिर ऐसी बदबू क्यों आ रही है? आखिरकार आसपास के लोगों ने इस बारे में बीते मंगलवार (7 मई, 2019) को पुलिस को इत्तिला किया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन घर के बाहर ताला लटका देख एक बार तो वो भी सोचने पर मजबूर हो गई। लेकिन पुलिस ने आखिरकार घर का ताला तोड़ कर अंदर जाने का फैसला किया। ताला तोड़ कर घर में दाखिल होने के बाद पुलिस की नजर कमरे में रखे एक बंद संदूक पर पड़ी। जैसे ही पुलिस ने इस संदूक को खोला उसके होश उड़ गए। दरअसल इस बक्से में बंद थी एक महिला की सड़ी-गली लाश। पता चल गया कि कमरे से बदबू इसी लाश की वजह से आ रही थी। जल्दी ही इस लाश की पहचान हो गई। मृतक महिला की शिनाख्त 32 साल की उर्मिला के तौर पर हुई। उर्मिला ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और करीब 4 महीने पहले वो अपने पति संतोष के साथ इस मकान में किराए पर रहने आई थी।

लेकिन करीब एक महीने पहले संतोष यहां घर के बाहर ताला लगाकर कहीं चला गया था। संतोष ने इलाके के लोगों और अपने मकान मालिक को बताया था कि वो किसी जरुरी काम से बाहर जा रहा है और उसकी पत्नी कुछ दिनों बाद यहां आ जाएगी। लेकिन अब घर के अंदर रखे एक बक्से में उर्मिला की सड़ी-गली लाश मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। मसलन – क्या उर्मिला की हत्या की गई है?, हत्यारे ने उसके शव को बक्से में बंद क्यों किया? उर्मिला का पति संतोष 4 महीने से कहां लापता है? क्या संतोष ने ही अपनी पत्नी का कत्ल किया है और अगर हां तो क्यों ? इन सभी सवालों के अलावा कई और भी सवाल पुलिस और इलाके के लोगों के जेहन में इस वक्त घूम रहे हैं। बहरहाल इस मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस को उर्मिला के पति संतोष पर शक है क्योंकि वो कई दिनों से फरार है। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हर सुराग की तलाश कर रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही है। (और…CRIME NEWS)