13 साल की नाबालिग हिंदू लड़की को किडनैप कर जबरन उनका धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला सामने आया है। धर्म परिवर्तन कराए जाने के बाद जबरन हिंदू लड़की की शादी एक मुस्लिम युवक से करा दी गई। यह मामला पाकिस्तान के सिंध प्रांत का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 13 साल की इस हिंदू लड़की का नाम कविता बाई है। लड़की को किडनैप करने का आरोप Bahalkani समुदाय के एक युवक पर लगा है। यह भी कहा जा रहा है कि मियां मिट्ठु नाम के एक मौलाना ने लड़की का धर्म परिवर्तन कराया और लड़की को अगवा करने वाले युवक से ही उसकी शादी भी करवा दी।

लड़की का धर्म परिवर्तन कराने का एक कथित वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि लड़की जमीन पर बैठी है और उसके सामने मौलाना बैठे हैं। कई लोगों की भारी भीड़ चारों तरफ जमा है। इस भीड़ में कुछ महिलाएं और बच्चे भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना सिंध के काशमोर जिले के Tangwani Taluka की है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक 8 मार्च को पांच लोगों ने लड़की को उसके घर से अगवा कर लिया था। लड़की के पिता ने कई संगीन आरोप लगाए हैं। लड़की के पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि 4 हथियारबंद लोग उनके घर में घुसे थे और उनकी बेटी को जबरन घसीट कर अपनी सफेद रंग की गाड़ी में बैठा कर ले गए थे। इस मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।

हालांकि इधर बुधवार को लड़की ने अदालत में दावा किया है कि उसकी उम्र 18 साल से ज्यादा है। उसके बयान के बाद काशमोर से घोट्की शिफ्ट कर दिया गया। लड़की ने यह भी कहा है कि उसने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ शादी की है। लड़की ने अदालत ने सुरक्षा भी मांगी है।

बहरहाल लड़की के दावों के बावजूद पुलिस ने इस मामले में बाल विवाह कानून के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच में भी जुटी हुई है।