मुंबई में 10 रुपए के लिए नोट की बजाय सिक्का दिए जाने पर गुस्साए एक यात्री ने बस कंडक्टर को चाकू घोंप दिया। हैरान कर देने वाले इस मामले में कंडक्टर बुरी तरह लहूलुहान हो गया। मामला सोमवार (23 सितंबर) को नवी मुंबई इलाके का है। पुलिस के मुताबिक नवी मुंबई म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट (NMMT) की बस में कंडक्टर रामेश्वर इप्पर से 34 वर्षीय तन्मय कवठेकर ने 10 रुपए के सिक्के की बजाय नोट देने के लिए कहा था। लेकिन कंडक्टर ने मना कर दिया। इसी से गुस्साए तन्मय ने चलती बस में कंडक्टर को चाकू मार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ओल्ड पनवेल हाइवे पर हुई घटनाः इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पनवेल पुलिस थाने में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अजय कुमार लांगड़े ने कहा कि घायल कंडक्टर का नवी मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना ओल्ड पनवेल हाइवे (Old Panvel Highway) पर सोमवार (23 सितंबर) को रात करीब साढ़े 10 बजे हुई।

गले और छाती पर किया हमलाः आरोपी यात्री कोपरखराइन से पनवेल जा रहा था। उसने कंडक्टर को 20 रुपए दिए। कंडक्टर ने 10 रुपए का टिकट देकर 10 रुपए का सिक्का वापस दे दिया। इस पर तन्मय ने सिक्का लेने से मना कर दिया और कंडक्टर से नोट मांगा। कंडक्टर ने मना कर दिया तो तन्मय को गुस्सा आ गया। इसी बीच तन्मय ने अपनी जेब से चाकू निकाला और कंडक्टर के गले और छाती पर हमला दिया। इसके बाद सहयात्रियों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी पहले भी हो चुका है गिरफ्तारः रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पनवेल के साईं नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले भी केस दर्ज हो चुका है। इससे पहले भी बस कंडक्टर के साथ खुल्ले पैसे के विवाद को लेकर गिरफ्तार किया जा चुका है। वह नशे का आदी है और अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ चार केस पहले से दर्ज हैं।